शादी से लौटते समय कार का एक्सीडेंट, 3 की दर्दनाक मौत
Source: dainik bhaskar news | Last Updated 08:48(10/02/12)
अम्बाला. बुधवार मध्य रात्रि विवाह समारोह में शरीक होकर जगाधरी रोड से कैंट घर वापस लौट रहे तीन कार सवार युवकों की भिड़ंत तेज रफ्तार ट्रक से हो गई। दुर्घटना में एक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो घायल हो गए। एक घायल की हालत गंभीर थी, जिसे डाक्टरों ने पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। दुर्घटना के बाद एक घंटे तक जगाधरी रोड पर जाम लग गया। महेश नगर पुलिस ने क्रेन मंगवाकर क्षतिग्रस्त कार और ट्रक को जगाधरी रोड से हटवाया।
उधर सुबह सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद युवक का शव उसके पिता के सुपुर्द किया गया। साइंस फैक्टरी में काम करने वाले ग्वाल मंडी के 35 वर्षीय विकास उर्फ बबलू शास्त्री कालोनी निवासी रमेश कौशिक के साथ साहा में एक विवाह समारोह में गए थे। दोनों फैक्टरी मालिक अमरजीत सिंह की कार में साहा गए थे और कार भूर मंडी निवासी चालक अरुण चला रहा था।
लगभग बारह बजे तीनों कार से वापस कैंट आ रहे थे। कार जब खुड्डा गांव के निकट पहुंची तो सामने से आ रहे ट्रक चालक ने कार को टक्कर मार दी। अगली सीट पर सवार विकास की मौके पर ही मौत हो गई जबकि रमेश और चालक को चोटें लगी। दुर्घटना की वजह से जाम लग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। रमेश को पीजीआई रेफर किया गया है जबकि अरुण की हालत खतरे से बाहर थी।
ट्रैक्टर से गिरकर युवक की मौत: देर शाम भड़ौग रोड पर ट्रैक्टर सवार युवक की नीचे गिरने से मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव पटवी निवासी रणदीप (23) के तौर पर हुई। रणदीप ट्रैक्टर पर सवार होकर भड़ौग की तरफ जा रहा था जबकि ट्रैक्टर जगीर सिंह चला रहा था। सिर में गहरी चोटें लगने से रणदीप की मौत हो गई। इससे पहले दुर्घटना के बाद आरोपी ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।