संत रविदास के आदर्शो को अपनाएं : सैलजा
Source: bhaskar news | Last Updated 06:59(08/02/12)
अम्बाला सिटी. रविदास बस्ती में गुरु रविदास के प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य में मंदिर और मेला कमेटी द्वारा भव्य धार्मिक आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा मुख्यातिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने मंदिर कमेटी की मांग पर रविदास समुदाय के श्मशान घाट की चारदीवारी व मंदिर के अन्य कार्यो के लिए सांसद विकास निधि कोष से 5 लाख रुपए देने की घोषणा की।
सैलजा ने कहा कि गुरु रविदास ने किसी समुदाय विशेष नहीं, बल्कि आध्यात्मिकता के क्षेत्र में पूरी मानवता का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि गुरुजी के जीवन से यह प्रेरणा भी मिलती है कि यदि व्यक्ति की सोच, विचार व आचार शुद्ध हों तो कठिन से कठिन परिस्थितियों का सामना करते हुए भी समाज में अपना स्थान हासिल किया जा सकता है। सरकार द्वारा गरीब लोगों के उत्थान के लिए तथा गरीब समुदाय के बच्चों की शिक्षा के लिए बहुत सी योजनाएं क्रियान्वित की हुई हैं लेकिन समाज में अनपढ़ता और ज्ञान का अभाव होने के कारण सभी लोग उन योजनाओं का लाभ हासिल नहीं कर पाते।
जिला शहरी कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हरीश सासन ने इस अवसर पर रविदास समुदाय के लोगों को गुरु रविदास के जन्म की मुबारकबाद देते हुए कहा कि जिला का जितना विकास हुआ है, उसमें केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा के प्रयास रहे। कार्यक्रम में सभा के सदस्य मनदीप सिंह, विनोद कुमार, ज्योति राम, कुलवंत कुमार और टहल राम सहित अन्य पदाधिकारियों ने केंद्रीय मंत्री को गुरु रविदास का चित्र भेंट किया। इस मौके पर राज्य सभा सदस्य ईश्वर सिंह, किरण बाला जैन, मदन लाल अग्रवाल, हरिंद्र शर्मा राजू, अर्जुन धीमान, चेतन चौहान, देवेंद्र लक्की, बुद्ध राम मट्टू, टहल राम सहित अन्य कांग्रेस नेता मौजूद थे।
रविदास ने मानवता का मार्गदर्शन किया: गुगलानी : गुरु रविदास मंदिर रविदास बस्ती में रविदास जयंती की पूर्व संध्या पर आयोजित धार्मिक सभा में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजन गुगलानी अन्य पदाधिकारियों के साथ शामिल हुए। गुगलानी ने इस अवसर पर मुख्यातिथि के रूप में बोलते हुए कहा कि गुरु रविदास किसी जाति अथवा समुदाय विशेष के गुरु नहीं थे, बल्कि उन द्वारा दिया गया आध्यात्मिकता का संदेश पूरी मानवता का मार्गदर्शन करता है।