पुण्यतिथि पर भूल गए राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को
Source: dainik bhaskar news | Last Updated 02:32(31/01/12)
अम्बाला. राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी को ट्विन सिटी में सोमवार को उनकी पुण्यतिथि पर कई स्थानों पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई, मगर प्रशासन और नगर निगम की अनदेखी कैंट के इंदिरा पार्क में साफ झलकी।
पार्क के बीचों बीच गांधी जी की प्रतिमा पर सुबह श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए कोई फूल नहीं चढ़े, हां प्रतिमा पर धूल जरूर जमी थी जिसे उनकी पुण्यतिथि के मौके पर साफ तक नहीं किया गया। ऐसे में सवाल उठता है कि सार्वजनिक स्थानों पर प्रतिमाएं लगाकर उनका मजाक क्यों उड़ाया जा रहा है। आखिर इस लापरवाही का कौन जिम्मेवार है?
इंदिरा पार्क में गांधी जी प्रतिमा पर सुबह धूल जमी थी और आसपास कहीं सफाई नहीं थी। इस पार्क की देखरेख का जिम्मा प्रशासन और नगर निगम का है, मगर राष्ट्रपिता की याद में यहां उनको श्रद्धांजलि देना प्रशासन या फिर नगर निगम द्वारा जरूरी नहीं समझा गया। प्रतिदिन की ही तरह प्रतिमा के आसपास पार्क में काम करने वाले कर्मचारी अपना सामान रख रहे थे।
कैंट के अजीत कुमार कहते हैं कि ऐसी लापरवाही पर जवाबदेही होनी चाहिए और प्रशासन को गंभीरता से कदम उठाने चाहिए। पार्क में वाकिंग करने वाले एचसी शर्मा कहते हैं कि यदि नगर निगम पार्क की देखरेख करता है तो पुण्यतिथि के अवसर पर यहां श्रद्धांजलि सभा अवश्य होनी चाहिए थी जिसमें प्रशासन या निगम के अधिकारियों को शामिल होना चाहिए था।