मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहे कालाअंब वासी
Source: dainik bhaskar news | Last Updated 03:06(31/01/12)
कालाअंब. उपमंडल नारायणगढ़ का गांव कालाअम्ब सरकार द्वारा दी जाने वाली मूलभूत सुविधाओं से कोसों दूर है। इसका कारण यह है कि इस गांव के पास अपनी ऐसी कोई पंचायती जमीन नहीं है जहां पर सरकारी सुविधाओं हेतु निर्माण कार्य शुरू किया जा सके।
गांव के लिए सबसे बड़ी समस्या श्मशान घाट की है। लगभग दो वर्ष पहले दान की भूमि पर मारकंडा नदी के पास श्मशान घाट का निर्माण किया गया था जोकि मारकंडा के बहाव में उजड़ गया। जिस कारण कालाअम्ब के ग्रामीणों को शवों के दाह-संस्कार के लिए काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।
गांव के सरपंच अशोक सैनी ने बताया कि दो कनाल भूमि श्मशान घाट के लिए दान में मिली हुई है लेकिन तकनीकी कारणों के चलते फिल्ड डिपार्टमेंट, मारकंडा नदी के नजदीक पुल के आसपास कोई भी निर्माण की इजाजत नहीं दे रहा है। साथ ही भूमि न होने के कारण गांव के सरकारी स्कूल में बच्चों की संख्या 400 से अधिक हो जाने के बावजूद भी नये कमरों की ग्रांट नहीं मिल पा रही है।
भूमि न होने के कारण ही गांव में कोई धर्मशाला या सामुदायिक केन्द्र भी नहीं है। गांव के सरकारी ट्यूबवेल भी दान की गई भूमि पर ही चल रहे हैं।