बिजली रानी ऐसी रूठी कि पांच साल से नहीं हुए दर्शन
Source: dainik bhaskar news | Last Updated 03:04(31/01/12)
अम्बाला. करधान क्षेत्र की चार कालोनी की मुख्य सड़क पर पांच साल पहले बिजली निगम ने बिजली के पोल लगाए गए थे। लेकिन अभी तक दो सब स्टेशन की क्षेत्र को लेकर आपसी खींचतान की वजह से किसी भी सब स्टेशन से इन्हें जोड़ा नहीं जा सका है।
जिसकी वजह से कालोनीवासियों को मजबूरी में बल्लियों पर तारें लगाकर ही काम चलाना पड़ रहा है। बिजली निगम के अधिकारी भी एक-दूसरे का एरिया कहकर पीछे छुटा लेते हैं। ऐसे में निगम की ओर से खर्च की गई हजारों रुपए की राशि भी बेकार हो रही है।
बिजली निगम का यह कारनामा करधान क्षेत्र की पालम विहार जे, पालम विहार, सत्संग विहार व शांति नगर में जाने वाली सड़क का है। सड़क पर बिजली निगम 2 अप्रैल 2006 को 24 के करीब बिजली के पोल लगाए थे।
दिलचस्प बात यह है कि इन कालोनियों में दो सब स्टेशन की बिजली की सप्लाई की जा रही है। इन कालोनियों के लोग 12 क्रास रोड पर स्थित सब स्टेशन नंबर एक को अपना बिजली का बिल देते हैं। यदि इन कालोनियों में बिजली की सप्लाई की बात की जाए तो कालोनियों में बिजली की सप्लाई क्वालिटी सब स्टेशन नंबर दो से दी जा रही है।
यही कारण ही कि इन कालोनियों में बिजली के पोल लगे पांच साल से अधिक समय बीत चुका है। लेकिन दोनों सब स्टेशन में से किसी एक भी ने बिजली के पोल में सप्लाई नहीं जोड़ी है। रेजिडेंस वेलफेयर सोसाइटी के महासचिव नरेश शर्मा ने कहा कि इस बारे में वह कई बार एक्सईएन व अन्य बिजली निगम के अधिकारियों से बात कर चुके हैं।
बल्लियों पर झुलती तारों से बिजली की सप्लाई
पालम विहार जे निवासी प्रवीण गुप्ता व कमल गुप्ता ने कहा कि उनके घर का मुहूर्त 2 अप्रैल 2006 को था। इसी दिन इस रोड पर बिजली के पोल लगाए गए थे। उनका कहना है कि एक दिन में ही बिजली निगम के कर्मचारियों ने इस रोड पर बिजली के पोल खड़े कर दिए थे।
इसके बाद इन पोल में बिजली के तारें भी डाली गई थी, लेकिन पता नहीं क्यों सब कुछ पूरा होने के बाद भी इन पोलों में सप्लाई नहीं दी गई है। नतीजा लोगों को बिजली के सप्लाई के लिए अभी भी बल्लियों के सहारे काफी दूर से बिजली की सप्लाई लेनी पड़ रहा है।
कालोनी में बिजली की तारों का जंजाल बना हुआ है। पालम विहार जे निवासी डाक्टर विश्वकांत शास्त्री ने कहा कि बिजली निगम ने 24 बिजली के पोल लगाकर पैसा खर्च तो कर दिए हैं लेकिन इसमें बिजली की सप्लाई न होने से लोगों को बिजली की सुविधा नहीं मिल पा रही है। इस सड़क के साथ तीन कालोनी की सप्लाई जुड़ सकती है।
चेक करने के बाद होगी स्थिति स्पष्ट
क्वालिटी सब स्टेशन के एसडीओ जय गोपाल ने कहा कि बिजली के पोल तो काफी समय पहले लगाए गए थे लेकिन उनको तो सप्लाई दी जा चुकी है। इसको चेक करने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएंगी। उधर 12 क्रास रोड एसडीओ रणधीर सिंह का कहना है कि इस एरिया की बिजली की सप्लाई एकता विहार फीडर से आती है। यह हमारा एरिया नहीं आता है। क्वालिटी सब स्टेशन की ओर से इन खंभों को लगाया गया होगा।