हाइवे पर दर्दनाक कार हादसे में पति पत्नी की मौत
Source: dainik bhaskar news | Last Updated 02:42(31/01/12)
डेराबस्सी. अंबाला चंडीगढ़ हाइवे पर जनेतपुर के समीप एक सड़क हादसे में मोहली निवासी पति पत्नी की मौके पर मौत हो गई। मोहाली आ रही एक कार आटो को बचाने के चलते आगे जा रहे ट्राले में जा घुसी। इसमें 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हादसे की सूचना तुरंत पुलिस व एम्बुलैंस को दी गई।
हादसे में घायल को डेराबस्सी सिविल अस्पताल ले जाया गया। जहां से उन्हें चंडीगढ़ के सैक्टर-32 स्थित सरकारी अस्पताल में रैफर कर दिया गया। जहां उन दोनों की हालत भी गंभीर बनी हुई है। वहीं पुलिस ने इसकी सूचना उनके घरवालों को दी। मामले की जांच शुरू कर दी है।
सोमवार देर रात ब्लैक कलर की एक लैंसर कार अंबाला से मोहाली की तरफ आ रही थी। जैसे ही कार चंडीगढ़-अंबाला मुख्यमार्ग पर गांव जनेतपुर के पास पहुंची तो अचानक उनकी कार एक आटो को बचाने के चलते संतुलन खो बैठी।
जिसके बाद कार साइड में खड़े एक ट्राले के पीछे जा टकराई। इस हादसे में कार का आधा हिस्सा ट्रक के तरफ से जा घुसा। वहीं, इस दर्दनाक हादसे में मोहाली निवासी कार सवार संजीव रहेजा व उसकी पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं, कार की पिछली सीट पर सवार मृतक संजीव रहेजा की भांजी विभा व उनका बेटा स्मृत इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना तुरंत पुलिस व 108 एम्बुलैंस को दी गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची एम्बुलैंस व पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच मामले की जांच शुरू कर दी।