पिलखनी में विवादित स्थल पर गाड़ा झंडा
Source: bhaskar news | Last Updated 06:54(08/02/12)
साहा. पिलखनी गांव में जिला प्रशासन के दखल को नजरअंदाज करते हुए लोगों ने संत गुरु रविदास जी का झंडा उसी विवादास्पद स्थल पर गाड़ दिया गया है जहां दो रोज पहले अम्बाला के एसडीएम मुकेश कुमार आहूजा पुलिस की मौजूदगी में मंदिर का निर्माण कार्य रुकवा गए थे। झंडा गाड़ने की रस्म के दौरान रविदास मंदिर के निर्माण का विरोध करने वाले कहीं नजर नहीं आए। शाम तक क्षेत्र में माहौल शांतिपूर्ण बना हुआ था। स्थानीय प्रशासन ने भी इस घटनाक्रम के बाद किसी तरह की सक्रियता नहीं दिखाई।
पिलखनी गांव के प्राइमरी स्कूल के साथ लगती जोहड़ की जमीन पर गांव के ही कुछ लोगों ने मंदिर बनाने का काम तीन दिन पहले शुरू किया था। कुछ ग्रामीणों और स्कूल प्रबंधन ने जमीन पर कब्जा करने का प्रयास बताते हुए इसकी शिकायत जिला प्रशासन से की थी। उसके बाद माहौल को तनावपूर्ण होता देखकर अम्बाला के एसडीएम एम.के. आहुजा खुद मौके पर पहुंचे थे और दोनों पक्षों को समझाते हुए दो दिन के लिए मंदिर का काम रुकवा दिया था। मंगलवार को एसडीएम की ओर से दी गई दो दिन की समय सीमा खत्म हो गई लेकिन न तो वह खुद गांव पहुंचे और न पुलिस बल तैनात किया। सुबह काफी देर तक प्रशासन का इंतजार करने के बाद लोगों ने मंदिर बनाने का ऐलान कर दिया। मंदिर कमेटी के प्रधान कृष्ण कुमार और उपप्रधान बनारसी दास ने कहा कि यह जगह उनकी आस्था से जुड़ी है। उन्होंने करीब पांच लाख रुपए खर्च यहां मिट्टी भरवाई है इसलिए वह यहीं पर मंदिर बनाएंगे। उन्होंने कहा कि इसी जगह अंबेडकर भवन भी बनाया जाएगा जिससे पूरे गांव को लाभ होगा।
कई दूसरे लोगों ने भी कहा कि अब वह यहां मंदिर बनाकर रहेंगे क्योंकि यह उनकी भावनाओं व आस्था का सवाल है। उनका कहना था कि जिला प्रशासन मंदिर का काम रुकवाकर चुपचाप बैठ गए। वह सुबह काफी समय तक प्रशासन के किसी अधिकारी के आने का इंतजार करते रहे लेकिन जब कोई नहीं आया तो उन्होंने अपना काम शुरू कर दिया। कमेटी ने कहा कि अब वह प्रशासन के किसी निर्देश को नहीं मानेंगे।