बीएसएनएल का कमाल, बिना फोन आ रहा है बिल
Source: dainik bhaskar news | Last Updated 09:07(10/02/12)
बराड़ा. कनेक्टिंग इंडिया की पंच लाइन देने वाली बीएसएनएल का कमाल देखिए। बराड़ा के सतविंद्र पाल सिंह के घर फोन लाइन का कनेक्शन दिया नहीं अलबत्ता बिल जरूर भेज दिया। दिलचस्प है कि उन्होंने बिल नहीं भरा तो बीएसएनएल ने नोटिस भेज दिया। घबराए सतविंद्र पाल ने एक बार तो बिल भर दिया। लेकिन जब दूसरा बिल फिर आ गया तो उनकी हैरानी का ठिकाना नहीं रहा।
अब सतविंद्र पाल ने 18 जनवरी को बीएसएनएल से सूचना के अधिकार (आरटीआई) के तहत जानकारी मांगी कि उसके घर पर कब टेलीफोन का कनेक्शन लगाया गया और कब ब्रांड बैंड दिया गया? कनेक्शन लगाने वाले लाइनमैन का नाम बताएं? आरटीआई के तहत पूछे गए सवालों के बाद अब बीएसएनएल के अधिकारी भी मान गए हैं कि गलती हुई है। सतविंद्र पाल सिंह ने बताया कि उन्होंने फरवरी 2010 को ब्राड बैंड के लिए बीएसएनएल में अप्लाई किया था।
लेकिन बाद में उनका मूड बदल गया। जब बीएसएनएल के कर्मचारी उनके घर ब्राड बैंड लगाने आए तो उन्होंने मना कर दिया। तब तो बीएसएनएल के कर्मचारी चले गए लेकिन अगस्त में सतविंद्र पाल के नाम 1640 रुपए का बिल आया। सतविंद्र ने इसलिए बिल नहीं भरा क्योंकि उनके यहां तो कनेक्शन ही नहीं था। जब उन्होंने टेलीफोन एक्सचेंज में फोन किया गया तो वहां से कर्मचारी परमजीत ने कहा कि हमारे कागजों के हिसाब से आपके यहां ब्राडबैंड का कनेक्शन लगा हुआ है तभी बिल भेजा गया है, बिल भरना ही पड़ेगा।
बाद में महाप्रबंधक की तरफ से नोटिस आया। सतविंद्र सिंह ने किसी लफड़े में पड़ने की बजाय बिल भर दिया। लेकिन बाद में एक और बिल आ गया। परेशान होकर उसने आरटीआई के तहत सूचना मांगी। सतविंद्र के मुताबिक आरटीआई लगाने के बाद बीएसएनएल के टीएसओ जगदीश शर्मा ने उनके पास आए और कहा कि गलती हो गई है, आप आरटीआई वापस ले लें और आपका पैसा वापस हो जाएगा। उनका कहना था कि यह ब्राडबैंड (01731 283489) बराड़ा में किसी और के घर गया है।