बाइक सवारों ने 1.38 लाख रुपए व एक्टिवा छीनी!
Source: dainik bhaskar news | Last Updated 08:57(10/02/12)
अम्बाला. एक लाख 38 हजार रुपए की पेमेंट लेकर निकला कैंट की एक साइंस फर्म का कर्मचारी गुरुवार को गायब हो गया। फर्म मालिक दिनभर उसे ढूंढते रहे। दिलचस्प बात ये रही कि शाम 8 बजे उस वर्कर ने पंचकूला से फोन कर बताया कि दो पल्सर पर आए तीन युवक उसे कुछ सुंघा कर नगदी और फर्म की एक्टिवा ले गए।
जब फर्म मालिक ने सदर पुलिस से संपर्क साधा तो उसने कार्रवाई की जगह टालमटोल शुरू कर दी। टिंबर मार्केट में साइंस फर्म चलाने वाले विकास ने गुरुवार दोपहर अपने वर्कर राजेश को एक पार्टी से 1.38 लाख रु लेने भेजा।
आधे घंटे तक जब राजेश नहीं लौटा तो विकास ने पार्टी को फोन किया तो पता चला कि राजेश पेमेंट लेकर निकल चुका है। इसके बाद राजेश के भाई को एक फोन आया जिस पर बताया गया कि कुछ युवक राजेश का पीछा कर रहे थे। इसकी सूचना तुरंत सदर पुलिस को देकर राजेश का नंबर सर्विलांस पर लगवाया गया।
इस बीच कई बार राजेश को फोन किया लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। रात 8 बजे राजेश ने फोन कर बताया कि वह पंचकूला के माजरी चौक से ट्रैफिक पुलिसकर्मी के फोन से बात कर रहा है। उसने बताया कि जब वह पेमेंट लेकर निकला था तो दो पल्सर पर तीन युवक उसके पीछे लग गए। तीनों ने उसे कुछ सुंघाया और पंचकूला के पास छोड़ दिया। जाते समय वह सारी नकदी व एक्टिवा ले गए।
पुलिस ने बनाया घनचक्कर
विकास ने अपने भाई के फोन की सूचना सदर पुलिस को दी तो जवाब मिला कि आप पंचकूला से राजेश को लेकर आओ, फिर कार्रवाई करेंगे। पुलिसवालों ने ये भी कहा कि अगर घरवाले पेट्रोल के पैसे दे दें तो वह खुद राजेश को लेने जा सकते हैं। इसके बाद रात में जब फर्म मालिक ने अम्बाला के एक एसीपी से संपर्क किया तो उसने कहा, ‘मामला हमारी ज्यूरिडिक्शन का नहीं है। आप कैंट के एसीपी से बात करें।’ कैंट के एसीपी के फोन पर बार-बार रिंग जाने के बावजूद कॉल रिसीव नहीं की गई तो डीसीपी का मोबाइल बंद मिला।
रात 12.00 बजे तक यही स्थिति थी। दूसरी तरफ फर्म का वर्कर राजेश पंचकूला के सेक्टर 2 चौकी में बैठा था। भास्कर ने जब चौकी के नंबर 08146630061 पर संपर्क किया तो जवाब मिला, ‘यह केस अम्बाला का है, हमारे पास राजेश घूमता-घुमाता आ गया, हम कार्रवाई नहीं कर रहे।’ अब ये सच में लूट का मामला या कुछ और, इसका खुलासा तभी होगा जब पुलिस जांच करेगी।