गया था दोस्त का दर्द बांटने, पर ये तो सोचा ही नहीं कि...

अम्बाला. कुरुक्षेत्र .चोरों ने धर्मनगरी में अलग अलग स्थानों से दिनदिहाड़े दो मोटरसाइकिलें चोरी कर ली। इनमें से एक बाइक सेक्टर 17 की पार्किग से चोरी हुई। यहां से पूर्व में भी कई मोटरसाइकिलें चोरी हो चुकी हैं। खास बात यह है कि आसपास पीसीआर दस्ते भी तैनात रहते हैं, बावजूद इसके चोर आराम से वारदात कर निकल जाते हैं। तीन दिन पूर्व चोरों ने एक कार के शीशे चटका लैपटॉप व जरूरी कागजात चुरा लिए थे। वहीं एक मोटरसाइकिल बाबैन के बाजार से चोरी हुई। दोनों मामलों में पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है।
और खुद की बाइक हो गई चोरी: कनीपला स्थित स्कूल में शिक्षक राजेश कुमार की सेक्टर 17 से स्पलेंडर प्लस मोटरसाइकिल नंबर एचआर 41सी-9374 चोरी हो गई।
राजेश अपने मित्र प्रमोद से मिलने आया था। प्रमोद का सेक्टर 17 में शेयर ब्रोकर का ऑफिस है। राजेश ने बताया कि प्रमोद की गाड़ी से तीन रोज पहले चोरी हुई थी। उसे क्या पता था कि यहां उसकी भी बाइक चोरों का निशाना बनेगी। यहां चोर उसकी बाइक भी ले उड़े। जिस समय यह वारदात हुई, उस समय करीब चार पांच युवक पार्किग में धूम रहे थे। माना जा रहा है कि यह उन्हीं का काम है। सूचना पर सुभाष मंडी चौकी प्रभारी जयनारायण शर्मा मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
बाजार से बाइक चोरी :ऐसे ही चोरों ने बाबैन के बाजार से स्पलेंडर बाइक चोरी कर ली। सुरेंद्र कुमार वासी बाबैन ने बताया कि वह किसी कार्य से अपनी स्पलेंडर मोटरसाइकिल पर बाजार में गया था। बाइक को उसने एक दुकान के बाहर खड़ा कर दिया। कुछ ही देर बाद बाइक वहां नहीं थी। यह देख उसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दोनों मामलों में आसपास वीटी कर चेकिंग भी की, लेकिन चोर पकड़ में नहीं आए।
32 हजार की ट्रांसफार्मर क्वायल चोरी :उधर चोरों ने विभिन्न स्थानों से ट्रांसफार्मरों को खोल बीती रात हजारों रुपए की क्वायल चुरा ली। बिजली बोर्ड अधिकारियों की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की है। इस्माइलाबाद के एसडीओ जगतार सिंह ने बताया कि चोरों ने गांव ठोल के खेतों में खड़े ट्रांसफार्मर से 10 हजार रुपए की क्वायल चुराई हैं। वहीं गांव कलयाणा व मंदेहड़ी के निकट से दो ट्रांसफार्मरों को खोल 32 हजार रुपए से अधिक की क्वायल चुरा ले गए। दोनों मामले दर्ज कर लिया है।







