आज ‘रिश्तों की बैंकिंग’ का जमाना
Source: bhaskar news | Last Updated 04:47(09/02/12)
अम्बाला सिटी. अम्बाला सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक की 85वीं आम सभा चेयरमैन तेज प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में हुई। आम सभा में नाबार्ड के डीडीएम केके गुप्ता मुख्यातिथि के तौर पर मौजूद रहे। उन्होंने सहकारी संस्थाओं से आए हुए प्रतिनिधियों को आग्रह किया कि वे बैंक के साथ आर्थिक उत्थान व सामाजिक रिश्तों को मजबूत करने के लिए सहकारिता को अपनाएं। उन्होंने कहा कि आज की बैंकिंग रिश्तों की बैंकिंग है। भारत सरकार व भारतीय रिजर्व बैंक का मिशन है कि बैंकिंग सुविधाओं की जानकारी आम व्यक्ति को उपलब्ध करवाई जाए। उन्होंने सहकारी समितियों से आए हुए प्रतिनिधियों को जानकारी लेने का आग्रह किया।
तेज प्रकाश सिंह ने सभा सदन में बैंक की वित्तीय स्थिति पर प्रकाश डाला तथा सदस्यों को वसूली करने का अनुरोध किया। बैंक में स्टाफ की कमी को पूरा करने के लिए फैक्स से संबंधित स्टाफ की सेवाओं को बैंकिंग सेवाओं से जोड़ने का प्रस्ताव रखा। आम सभा में सरदार हट्टी सिंह, सरदार बलबीर सिंह, जरनैल सिंह, जगमाल सिंह, सोहन लाल, बैंक के डायरेक्टर हरकेश सिंह ने अपने प्रेरणा भरे विचारों द्वारा प्रतिनिधियों का मार्गदर्शन किया। बैंक की मुख्य कार्यकारी अधिकारी गुरप्रीत कौर ने सभी से अनुरोध किया कि बैंकिंग की कार्यशैली में परिवर्तन की मांग है जिसमें सभी के सहयोग की आवश्यकता है। आम सभा के मुख्य बिंदु वर्ष 2010-11 के लेखों का अनुमोदन करना व वर्ष 2011-12 की कार्य योजना का अनुमोदन करना था। वर्ष 2011-12 के अंदर बैंक की ऋण योजना चार अरब की रहने की संभावना है।