बाइक सवार के साथ लिफ्ट लेने वाले की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत
Source: dainik bhaskar news | Last Updated 06:58(10/02/12)
हिसार. दिल्ली हाइवे पर गुरुवार सुबह साढ़े छह बजे कैंटर ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मरने वाले दोनों मिर्जापुर गांव के रहने वाले 34 वर्षीय भरत सिंह उर्फ भरता और 35 वर्षीय रामफल सिंह थे। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम करवा उनके घरवालों को सौंप दिया।
कैंटर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात कैंटर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मृतक भरत सिंह के भाई शमशेर और कृष्ण ने बताया कि भरत सिंह गांव में सब्जी की रेहड़ी लगाता था। सुबह सब्जी लेने के लिए घर से निकला था। पुलिस का कहना है कि मिर्जापुर का रामफल तलवंडी राणा स्थित एक निजी स्कूल के बस का चालक था।
सुबह रामफल ने भरत सिंह से शहर आने के लिए बाइक पर लिफ्ट ली थी। हाइवे पर दी हरियाणा कुरुक्षेत्र गौशाला के सामने हांसी की तरफ से आ रही एक कैंटर ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
भरत की हैं पांच बेटियां
सब्जी बेचकर परिवार का गुजर बसर करने वाले भरत सिंह की मौत के बाद उनके घरवालों पर दुखों का पहाड़ टूट गया है। भरत सिंह के कोई बेटा नहीं है बल्कि पांच बेटियां हैं। जिसमें कविता (16), ज्योति (12), मनीषा (7), मनु (5) और सिमरण (2) साल की है। उनके भाइयों का कहना है कि भरत सिंह की मौत से पूरा परिवार सदमे में है।