विवाह के बाद लापता हो गया प्रेमी जोड़ा
Source: dainik bhaskar news | Last Updated 06:45(10/02/12)
सिवानी मंडी. वार्ड आठ से लापता युवक ने जींद की एक युवती संग प्रेम विवाह कर लिया है। दोनों अलग-अलग जाति से संबंध रखते हैं। युवक पंजाब के शहर लालडू स्थित विश्वविद्यालय से बीटेक और युवती चंडीगढ़ में पढ़ाई कर रही थी। दोनों ने चंडीगढ़ के एक मंदिर में शादी रचाई और परिजनों से जान का खतरा बताते हुए पंजाब एंड हरियाणा हाइकोर्ट में सुरक्षा के लिए एक अर्जी दाखिल कर दी।
याचिका पर कोर्ट ने पुलिस को उन्हें सुरक्षा उपलब्ध कराने के निर्देश जारी किए। उधर, प्रेम विवाह के बाद प्रेमी जोड़े का पुलिस को कोई सुराग नहीं लग पाया है।
पुलिस जुटी प्रेमी जोड़े की तलाश में
सिवानी के वार्ड 8 के रहने वाले युवक का जींद के गांव नगूरा की युवती के साथ काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवक-युवती पहले शहर के एक स्कूल में साथ पढ़ते थे। तीन फरवरी को युवक घर से लापता था। परिजनों ने थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवा दी और 6 फरवरी को उसे परिवार से बेदखल करने का दावा किया।
इसी बीच प्रेमी युगल ने चंडीगढ़ के एक मंदिर में शादी रचा ली। युवती ने अपने मायके और ससुरालवालों से जान का खतरा बताते हुए पंजाब एंड हरियाणा हाइकोर्ट में सुरक्षा के लिए एक अर्जी दाखिल कर दी। कोर्ट ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस को उन्हें सैफ हाउस में भेजने के निर्देश जारी कर दिए।
पुलिस ने प्रेमी जोड़े के बार में वार्ड 8 स्थित उसके घर जाकर पूछताछ की तो पता चला कि वे शादी के बाद यहां नहीं पंहुचे हैं। इस बारे में युवक के पिता संतलाल का कहना है कि उन्हें शादी की सूचना सिवानी पुलिस के माध्यम से मिली है। वे तो उसकी हरकतों से परेशान होकर उसे पहले ही बेदखल कर चुके हैं।
तलाश होते ही सैफ हाउस भेजा जाएगा
थाना प्रभारी चंद्रपाल ने बताया कि हाइकोर्ट के निर्देश पर दोनों को सुरक्षा मुहैया करवाई जाएगी, लेकिन अभी तक वे उन्हें नहीं मिले हैं। पुलिस दोनों की तलाश कर रही है और उनके मिलते ही उन्हें भिवानी स्थित सैफ हाउस में भिजवा दिया जाएगा।