मुठभेड़ में जांहगी पहलवान ढेर

चरखी दादरी.तीन प्रदेशों में कई आपराधिक मामलों में वांछित सलीम उर्फ जांहगी पहलवान को शनिवार को मकड़ाना गांव के समीप मुठभेड़ में मार गिराया गया। आईजी की स्पेशल टीम ने उसके एक साथी को भी धर दबोचा। जांहगी पहलवान पर जींद, हिसार, यूपी, दिल्ली व पंजाब में हत्या, हत्या प्रयास, चोरी, लूट, अपहरण, दुष्कर्म व डकैती जैसे 10 मामले चल रहे हैं।
13 मई को जांहगी ने जुलाना के एक निजी स्कूल संचालक अशोक कुमार सिंघल की गोलियों से छलनी कर हत्या कर दी थी। पुलिस ने उस पर 50 हजार रुपए के इनाम के लिए फाइल भी भेजी थी। मूल रूप से हिसार के सीसर गांव का जांहगी पिछले कई दिनों से आपराधिक वारदातों को लेकर चर्चा में था।
शनिवार सुबह ही पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर उसका पीछा शुरू किया। जांहगी के साथ उसका एक साथी प्रवीण भी था। दोनों पल्सर पर सवार थे। करीबन दो घंटे तक पीछा करने के बाद पुलिस ने मकड़ाना के समीप सरेंडर करने के लिए कॉल की, लेकिन जवाब में उसने गोलियां चलानी शुरू कर दीं।
पुलिस टीम से घिरा देख दोनों बिजली घर की दीवार फांदकर झाड़ियों की तरफ दौड़ पड़े। प्रवीण के पास हथियार न होने के कारण उसने सरेंडर कर दिया। जांहगी लगातार फायरिंग कर रहा था। तकरीबन 15 मिनट चली मुठभेड़ में पुलिस ने जहांगी को मार गिराया। पुलिस ने घटना स्थल से दो विदेशी पिस्टल बरामद किए हैं।
स्कूल संचालक की हत्या का भी था आरोपी
-2008 में साउथ दिल्ली में आर्म्स एक्ट और चोरी की चीज प्रयोग करने का केस।
-2009 में नारनौंद थाने में हत्या प्रयास का मुकदमा।
-2009 में हिसार में डकैती का मुकदमा।
-2009 में हिसार में डकैती का केस।
-2010 में पंजाब के पातड़ा में चोरी में पकड़ा गया।
-वर्ष 2010 हिसार सिटी थाने में चोरी का मामला दर्ज।
-2011 में सदर थाना जींद में अपहरण और दुष्कर्म का केस दर्ज।
-2011 में नारनौंद थाने में हत्या प्रयास का मामला दर्ज।
-मई 2011 जींद के शामलो कलां में शराब ठेकेदार की हत्या के प्रयास का मामला।
-13 मई 2012 को जुलाना के स्कूल संचालक की हत्या का मामला दर्ज।






