बच्चों की जिंदगी से खिलवाड़ कर रहे हैं अनफिट स्कूली वाहन
Source: dainik bhaskar news | Last Updated 05:31(31/01/12)
हिसार. खैरी में स्कूल बस पलटने के बाद प्रशासन हरकत में आया है। कस्बों में स्कूल बसों की जांच भले ही शुरू कर दी गई हो मगर जिले में अभी सैकड़ों ऐसे स्कूल हैं जिनके वाहन नियमों पर खरे नहीं उतर रहे हैं। एक गांव से दूसरे गांव तक चलने वाले इन स्कूल वाहनों पर न तो प्रशासनिक अधिकारियों की नजर है और न ही शिक्षा विभाग की। कई गांवों में तो स्कूल संचालक फिटर रेहड़ी व पिकअप में बच्चों का आना- जाना करवाते हैं।
115 स्कूलों ने जमा कराए शपथ पत्र
जिले में तीन सौ से अधिक प्राइवेट स्कूल हैं। इनमें से एक तिहाई ग्रामीण इलाकों में हैं। पुलिस विभाग ने सभी स्कूलों से वाहनों की फिटनेस संबंधी शपथ पत्र जमा कराने के निर्देश दिए थे मगर महीना बीत जाने के बाद भी केवल 115 स्कूल ही आगे आए हैं। शपथ पत्र जमा कराने वाले स्कूलों में ग्रामीण इलाकों के स्कूलों की संख्या नाम मात्र की है।
आदमपुर में पांच वाहनों के काटे चालान
मंडी आदमपुरत्नसोमवार को पुलिस ने नियमों का उल्लंघन कर सड़कों पर दौड़ने वाली पांच स्कूली बसों के चालान काटे। थाना प्रभारी दलबीर सिंह ने बताया कि नॉर्दर्न इंटरनेशनल स्कूल, सेंट जेवियर स्कूल तलवंडी राणा, मदर्स प्राइड कान्वेंट स्कूल, एवर ग्रीन हाई स्कूल व सनराइज मिडल स्कूल की बसों में अनियमितताएं पाई गई थी।
हांसी में भी स्कूल भेजने के लिए लोग बच्चों को ऑटो में ठूंसने से कतई नहीं घबरा रहे हैं। ऐसा ही नजारा यहां तिकोना पार्क, हिसार चुंगी, मॉडल टाउन तथा रूप नगर कॉलोनी में देखने को मिला। दूसरी तरफ सीबीएसई से संबद्ध स्कूल संचालकों ने पुलिस पर नाजायज तंग करने का आरोप भी लगाया है। वहीं एसडीएम महाबीर प्रसाद ने कहा है कि ऑटो में बच्चों को ठूंस कर ले जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बरवाला एसडीएम डॉ. मुनीश नागपाल ने उकलाना और बरवाला के स्कूल संचालकों व अधिकारियों की वाहनों को नियमानुसार चलाने व बच्चे बैठाने को लेकर बैठक ली। बैठक में विभिन्न स्कूलों के संचालक, डीएसपी राजेंद्र श्योराण, नायब तहसीलदार इंद्र सिंह जागलान, उकलाना के तहसीलदार भूटानी, बीईओ सुनीता चुघ, आरटीए जगदीश शर्मा व प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के प्रधान सत्यवान कुंडू मौजूद थे। थाना प्रभारी राजबीर सैनी ने एक विशेष अभियान चलाकर नियमों पर खरा न उतरने वाले तीन स्कूली वाहनों को इंपाउंड कर दिया।
अग्रोहा में एक स्कूल बस का चालान किया गया। थाना प्रभारी लालचंद ने बताया कि गुरू कृपा स्कूल की यह बस अनफिट थी। चालक रमेश कुमार का चालान काट दिया गया है। इसके साथ ही सभी स्कूल संचालक को दो दिन में सभी शर्तें पूरी करने के आदेश दिए हैं। वाहनों की चैकिंग के लिए विशेष टीम बनाई है।
चालक गिरफ्तार
उकलाना मंडी त्नथाना प्रभारी नारायण चंद ने सोमवार को क्षेत्र में नाकाबंदी करके स्कूल वाहनों की जांच की। एक वाहन इंपाउंड किया गया, वहीं दो अन्य वाहनों के चालान काटे गए। पुलिस की कार्रवाई से स्कूल संचालकों में पूरा दिन हड़बड़ी दिखाई दी।
गांव खैरी के पास दुर्घटनाग्रस्त हुई बस की मैकेनिकल जांच करवाई गई। थाना प्रभारी नारायण चंद ने बताया कि बस में अनियमितताएं मिली हैं। ड्राइवर कुलदीप के पास लाइसेंस नहीं था। उसे गिरफ्तार कर लिया गया।