मधुबन पार्क को ‘गुलजार’ बनाने की उठी आवाज
Source: dainik bhaskar news | Last Updated 05:24(31/01/12)
हिसार. दस साल पहले उजड़ चुके इकलौते पिकनिक स्पॉट मधुबन पार्क को फिर से बसाने की आवाज उठने लगी है। हर कोई पार्क में झूले, लघु चिड़िया घर दोबारा से खोलने की मांग कर रहा है।
सांसद कुलदीप बिश्नोई सांसद कोटे से पैसा देने के लिए तैयार हैं, तो विधायक सावित्री उच्च अधिकारियों से इस मामले में बात करेंगी। इनेलो विधायक अजय चौटाला भी इस मुद्दे पर प्रशासन को घेरेंगे। वहीं जन संघर्ष समिति अब पार्क को सुधारने के लिए उपायुक्त को ज्ञापन सौंपेंगी। दैनिक भास्कर ने सोमवार को ‘तैरा दी मछली, उड़ा दिए तोते’ शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया था।
मधुबन पार्क की हालत खस्ता होने के कारण शहर का पहला पिकनिक स्थल एवं पार्क उजड़ गया है। लोग अब इसमें घूमना तो जाना भी पसंद नहीं कर रहे। पहले लघु चिड़िया घर और मछली विहार के समय काफी चहल पहल रहती थी, मगर अब हालात खराब हैं। भास्कर में प्रकाशित खबर के बाद आगे आए जनप्रतिनिधियों से उम्मीद बंधी हैं।