भिवानी.शॉपिंग प्वाइंट नामक रेडिमेड गारमेंट शॉप को चोरों ने रातों-रात साफ कर दिया। दुकान से करीब छह लाख के कपड़ों के साथ वे 32 हजार की नकदी भी चुरा ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
ताले टूटे मिले
बुधवार रात चोरों ने रेडक्रॉस भवन के सामने बने शापिंग प्वाइंट गारमेंट शॉप को अपना निशाना बनाया। उन्होंने पहले दुकान के दोनों ताले व सेंटर लॉक तोड़ा। चैनल गेट का शीशा तोड़ शोरूम में प्रवेश किया और वहां रखा पूरा सामान चुरा लिया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट टीम दोपहर करीब दो बजे मौके पर पहुंची तथा फिंगर प्रिंट लिए।
दुकान मालिक कौशल ने बताया कि वह रात को करीब सवा आठ बजे दुकान बंद करके गया था। सुबह देखा तो शटर के ताले टूटे हुए थे तथा चैनल गेट का शीशा भी टूटा हुआ था। अंदर गया तो पूरा माल गायब मिला। इसके अलावा 32 हजार की जो नकदी दुकान में रखी थी वह भी नहीं मिली। इस पर पहले उन्होंने चोरी की सूचना पुलिस को दी व अपने साथी जितेंद्र को बुलाया।
दुकान के एक ओर खाली प्लाट है। वहां गाड़ी के टायरों व दो-तीन लोगों के आने के पांव के निशान है। जिससे लगता है कि इसी प्लाट में गाड़ी खड़ी कर सामान लेकर गए हो। दुकान मालिक ने बताया कि चार माह पूर्व ही साझेदारी में यह शोरूम खोला था। दुकान में अच्छी क्वालिटी की जींस, पेंट शर्ट आदि रखी थी। चोरी की सूचना मार्केट में तेजी से फैल गई तथा अनेक दुकानदार व अन्य लोग भी मौके पर दुकान को देखने पहुंचे।