जमीनी विवाद में महिलाएं हुई एक दूसरे की खून की प्यासी
Source: dainik bhaskar news | Last Updated 05:33(10/02/12)
हिसार/बरवाला. पुलिस ने धोखाधड़ी से एक महिला की जमीन अपने नाम करवा लेने के मामले में एक महिला सहित पांच लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। इन पांचों पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी है। अभी तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
जमीन धोखे से ले लेने के मामले को लेकर जिला कैथल के गांव जाखोली निवासी महिला सुनीता उर्फ बंसी देवी पत्नी देवी प्रसन्न ने अदालत में इस्तगासा दायर किया था। इस्तगासे में सुनीता ने हाल आबाद उकलाना निवासी अपने भाई पवन कुमार, राजली निवासी रामनिवास पर आरोप लगाया था कि 28 नवंबर 2007 को उसकी जमीन बिना उसकी जानकारी के अपने नाम करवा ली।
इस साजिश में राजली के नंबरदार ओमप्रकाश, गांव के ही सुरेश कुमार पुत्र मनोहर लाल व हिसार की सब्जी मंडी निवासी एक महिला विजय पत्नी रामअवतार शामिल हैं। सुनीता ने जब इसका विरोध किया तो उसे जान से मारने की धमकी दी। सुनीता ने कहा है कि उसकी मां शीला देवी की मौत के बाद 28 नवंबर 2007 को जो जमीन उसके नाम थी उसमें से सुनीता के हिस्से की जमीन सब रजिस्ट्रार बरवाला से धोखाधड़ी से रजिस्ट्री करवा ली। पीड़िता ने बताया कि उसने रजिस्ट्री करवाने के लिए न ही तो तहसील में फोटो खिंचवाई और न ही वह तहसील परिसर में पेश हुई।