अग्रोहा . बरवाला मार्ग पर श्यामसुख गांव के समीप मंगलवार दोपहर सड़क किनारे झाड़ियों में 35 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिला है। युवक की बेरहमी से पीट पीटकर हत्या की गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया और शिनाख्त के लिए अग्रोहा थाना में रखा है तथा अग्रोहा थाना के अंतर्गत आने वाले गांव में शिनाख्त के लिए मुनादी करवा दी है। पुलिस ने श्यामसुख निवासी कुलदीप के बयान पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है। फिंगर प्रिंट्स टीम ने भी घटनास्थल से निशान लेकर साक्ष्य जुटाए। थाना प्रभारी लालंचद ने बताया कि श्यामसुख निवासी कुलदीप ने सूचना दी कि उसके खेत के समीप सड़क के किनारे एक युवक का शव पड़ा है। डीएसपी ओमबीर सिंह और थाना प्रभारी घटनास्थल पर पहुंचे ।
थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के पेट और गुप्तांग पर गहरी चोटें हैं। युवक का कोई हादसे में नहीं बल्कि बेरहमी से पीटकर हत्या की गई है। युवक से कुछ दूरी पर एक धारीवाल की चादर पड़ी है। मृतक ने पेंट,शर्ट, जर्सी व नीचे गर्म थमोकोट डाले हुए हैं। घटनास्थल पर युवक के जूते भी नहीं हैं। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।