हिसार. जीजेयू के शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में बुधवार दोपहर को तब अफरातफरी मच गई, जब बोलेरो में आए कुछ युवकों ने एक छात्र पीटने के बाद अगवा करने की कोशिश की। सुरक्षा कर्मियों ने गाड़ी का पीछा किया मगर हमलावर हाथ नहीं आए। छात्र ने पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह छात्र दोपहर करीब तीन बजे कॉम्प्लेक्स में अकेला खड़ा था। बोलेरो में सवार पांच छह युवक आए। लाठी डंडों से लैस इन युवकों ने आते ही छात्र को पीटना शुरू कर दिया। वह हमलावरों से बचकर दौड़ा लेकिन उसे फिर पकड़ कर पीटना शुरू कर दिया। वे उसे अपनी गाड़ी में डालने की कोशिश करने लगे। इसी दौरान एक दुकानदार ने छात्र को छुड़ाया। तभी शोर शराबा सुनकर कॉम्प्लेक्स में तैनात सुरक्षाकर्मी गाड़ी की तरफ दौड़े। यह देखकर हमलावर युवक गाड़ी में सवार होकर सिटी गेट की तरफ भाग गए। सिक्योरिटी ऑफिसर दलबीर सिंह ने बताया कि हमलावरों को पकड़ने के लिए सिटी गेट पर सूचना दी गई लेकिन तब तक गाड़ी निकल चुकी थी। उनके पीछे गाड़ी भी दौड़ाई गई, मगर वे हाथ नहीं आए।