आदमपुर/अग्रोहा. खाद्य और औषधि प्रशासक (एफडीए) विभाग ने मंगलवार को जिलेभर में मेडिकल स्टोर्स पर छापे मारे। इस दौरान भारी मात्रा में नशीली दवाएं बरामद हुईं। ड्रग एक्ट का उल्लंघन करने वाले दवा विक्रेताओं को गिरफ्तार किया गया। गांव असरावां में बगैर लाइसेंस चल रहे मेडिकल स्टोर को सील किया गया। नशीली दवाओं के सैंपल जांच के लिए चंडीगढ़ लैब भेज दिए गए हैं।
शहर के नागोरी गेट स्थित न्यू लक्ष्मण मेडिकल स्टोर संचालक को मंगलवार रात शहर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दवा विक्रेता पर प्रतिबंधित दवा बेचने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, विक्रेता ने एक ग्राहक को बगैर डॉक्टर की पर्ची के चार रैक्सकाफ बेची हैं। सूचना पर सीनियर ड्रग कंट्रोल ऑफिसर आदर्श गोयल तथा ड्रग कंट्रोलर ऑफिसर रमन श्योराण की टीम नागोरी गेट पहुंची पड़ताल के बाद दवाओं के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे।
सीनियर ड्रग कंट्रोल ऑफिसर आदर्श गोयल ने बताया कि विभाग की टीम ने मंगलवार को दवा की तीन दुकानों पर छापा मारा। काफी मात्रा में नशे में प्रयुक्त होने वाली दवाएं मिलीं। इनके सैंपल लैब भेज दिए गए हैं। बगैर लाइसेंस चलने वाली दवाई की दुकान को सील किया गया है।