सांस की तकलीफ के बाद चौटाला की मेडिकल जांच, डॉक्टर बोले स्थिर है हालत

नई दिल्ली. इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला को सांस लेने में तकलीफ होने की शिकायत पर शुक्रवार को तिहाड़ जेल के अस्पताल में उनका चिकित्सकीय जांच की गई। डाक्टरों के मुताबिक, उनकी सेहत बिल्कुल स्थिर है और इसमें चिंता की बात नहीं है।
हालांकि हरिनगर स्थित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में चौटाला के सामान्य चिकित्सकीय परीक्षण की अटकलें देर रात तक लगती रहीं। आईसीयू में उनके लिए एक बेड़ खाली रखने की खबर भी आई लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हो सकी।
जेल के सूत्रों ने रात साढ़े नौ बजे केवल इतनी पुष्टि की कि चौटाला चार नंबर जेल के वार्ड नंबर 15 स्थित अपनी सेल में हैं और उन्होंने 10 मिनट पहले ही खाना लिया है।
उल्लेखनीय है कि चौटाला के वकीलों ने गुरुवार को विशेष सीबीआई कोर्ट से चौटाला को उपचार के लिए गुडगांव के मेदांता अस्पताल में भेजने का आग्रह किया था। जज ने इस संबंध में फैसला लेने को तिहाड़ जेल के अधीक्षक को अधिकृत किया।
जेल मैन्युल के मुताबिक, हवालाती की डॉक्टरी जांच पहले जेल के अस्पताल में ही की जाती है। जरूरत होने पर मरीज को हरिनगर स्थित दीनदयाल अस्पताल या फिर एम्स में भेजा जाता है। निजी अस्पताल में भेजे जाने का प्रावधान नहीं है और इस बारे में केवल कोर्ट ही आदेश कर सकता है।
राज्यसभा सांसद अमर सिंह के मामले में ऐसा हो चुका है। गौर है कि दो दिन पहले ही जेबीटी टीचर्स भर्ती घोटाले में चौटाला समेत 55 को दोषी करार दिया गया है।








