जींद. पूर्व सीएम ओमप्रकाश चौटाला और इनेलो प्रधान महासचिव अजय चौटाला के जेबीटी भर्ती घोटाले में जेल जाने के बाद शुक्रवार को जींद में पहला कार्यकर्ता सम्मेलन हुआ।
जाट धर्मशाला में सम्मेलन की कमान इस बार अभय सिंह चौटाला ने संभाली और कांग्रेस के खिलाफ एक बार फिर न्याय युद्ध का ऐलान कर दिया।
अभय ने इसकी घोषणा करते हुए कहा कि जेल में बंद आपके नेता ओमप्रकाश चौटाला ने बाकायदा मुझे कहकर भेजा है कि यह ऐलान जींद से ही हो। क्योंकि जींद की धरती चौधरी देवीलाल की कर्मस्थली रही है।
देवीलाल ने 1986 में प्रदेश के हितों से खिलवाड़ करने वाले राजीव-लोंगोवाल समझौते के खिलाफ यहीं कांग्रेस के विरुद्ध न्याय युद्ध का आगाज किया था। जिसके बाद कांग्रेस का सफाया हो गया था। आज फिर वैसा ही समय आ गया है कि कांग्रेस के कुशासन के खिलाफ इसकी शुरुआत यहीं से की जाए।
अभय बोले कि कार्यकर्ताओं का जोश देख साफ जाहिर है कि इनेलो कमजोर नहीं, मजबूत हुई है। बस कुर्बानी के लिए तैयार रहें। उन्होंने इनेलो नेताओं को फंसाने के लिए सीबीआई के दुरुपयोग को कांग्रेस की साजिश करार दिया और कहा कि अगर गरीब परिवारों को नौकरी देना पाप है तो पार्टी इसे हर बार करती रहेगी।
अभय ने कहा कि ओमप्रकाश चौटाला और अजय सिंह तथा अन्य नेताओं पर मामला दर्ज होने से इनेलो कमजोर हुआ है यह उनका भ्रम है। कांगे्रस विधानसभा भंग कर चुनाव करवा ले तो उसे औकात का पता लग जाएगा।