रोहतक में पात्र शिक्षकों ने किया प्रदर्शन, पुलिस से झड़प भी हुई

रोहतक. बीते सात सालों से शोषण का शिकार हो रहे प्रदेश भर से सैकड़ों की संख्या में पात्र अध्यापकों ने अतिथि हटाओ, पात्र लगाओ की मांग को लेकर रविवार को रोहतक में जमकर प्रदर्शन किया।
उपायुक्त कार्यालय की तरफ बढ़ रहे पात्र अध्यापकों को जब पुलिस बल ने रोकना चाहा तो झड़प में आधा दर्जन पात्र अध्यापक चोटिल हो गए और कई पात्र अध्यापक गिर पड़े।
करीब डेढ़ घंटे तक प्रशासन और प्रदर्शनकारियों के बीच चली रस्साकशी के बाद पात्र अध्यापकों ने चेतावनी दी कि बहुत जल्द सरकार को अपने तानाशाह रवैये के भयंकर परिणाम भुगतने पड़ेंगे। उन्होंने कहा कि अगर आगामी पांच मार्च तक उनकी मांगे पूरी नहीं हुई तो छह मार्च को पंचकूला में शिक्षा सदन के बाहर क्रमिक अनशन देंगे।
फिर, पुलिस ने हंगामा कर रहे पात्र अध्यापकों को गिरफ्तार कर अर्बन स्टेट थाना ले गई और थोड़ी देर बाद रिहा कर दिया।
दोपहर करीब 12 बजे पात्र अध्यापक संघ हरियाणा के बैनर तले प्रदेश भर से पात्र अध्यापक सेक्टर छह स्थित हुडा ग्राउंड में पहुंचे। संघ के प्रदेशाध्यक्ष राजेंद्र शर्मा ने बताया कि सरकार अध्यापक विरोधी नीतियां लागू कर हमारा शोषण कर रही है, जिसे किसी भी सूरत में सहन नहीं किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जब सरकार ही माननीय न्यायालय के आदेशों की अवहेलना कर अतिथि अध्यापकों को सेवारत कर रही हैं तो आम आदमी न्यायालय की आवाज क्यूं सुनेगा। वहीं, महिला विंग की प्रदेशाध्यक्ष अर्चना सुहासिनी ने बताया कि प्रदेश भर में करीब डेढ़ लाख पात्र अध्यापक है, लेकिन सरकार उनकी मांगो को लेकर गंभीर नहीं है।
उन्होंने बताया कि सरकार ने हमारी मांगों पर सहमति नहीं बनाई तो घर घर जाकर पोल खोल अभियान में प्रदेश सरकार की खामियों को उजागर करेंगे। इस अवसर पर सुनील यादव, जसबीर, अनिल अहलावत, नानक चंद, बिजेंद्र गुर्जर, पवन चमार खेड़ा, पवन रोड़, कृष्ण कश्यप, सरदार हरविंद्र, सुषमा शर्मा, तुलसी, ध्यान सिंह मौजूद रहे।







