12.12.12 को यादगार बनाने की हो चुकी हैं पूरी तैयारियां

हिसार. बुधवार दोपहर बारह बजे और रात बारह बजे का लम्हा कुछ खास होगा। आखिर सदी का विशेष दिन है।तीन बारह का योग (12.12.12). स्पेशल दिन को शहर में सेलिब्रेट करने की खासी तैयारियां हैं। बेशक सेलिब्रेशन का अंदाज अलग अलग है। कोई घर की खुशियों से उस यादगार दिन को जोडऩा चाहता है तो कोई अपने काम से।
चावला अस्पताल के पास रहने वाले रमेश चुघ की 12 दिसंबर को सालगिरह है। पत्नी किरण के साथ जिंदगी का 24वां साल शुरू करने वाले हैं। रमेश 12 बजे पत्नी के साथ 12 पौंड का केक काटेंगे।
वह कहते हैं, 23 साल पहले जब शादी हुई थी, तब यह अहसास भी नहीं था कि यह तारीख उनके साथ विश्व के लिए ऐतिहासिक बनेगी। वे घर पर केक काटेंगे और डाबड़ा चौक रोड पर 12 पौधे भी लगाएंगे।
फैमिली इन के मालिक शांतनु मलिक ने बताया कि ट्रिपल बारह सेलिब्रेशन डे होगा। पार्टियां फिक्स हो चुकी हैं।
खासतौर पर यंगस्टर्स में खासा क्रेज है। उनके पास चालीस से ज्यादा केक बुक हो चुके हैं। यह संख्या सामान्य दिनों की तुलना में अधिक है। कई लोगों ने केक पर लिखवाया है : हैप्पी ट्वैल्व, ट्वैल्व, ट्वैल्व डे।
पीएलए में रहने वाले गौरव कहते हैं कि वे अपनी पत्नी को बारह अलग अलग फूलों का गुलदस्ता भेंट करेंगे। पत्नी को गुलाब के फूल पसंद है। अगर बारह तरह के गुलाब मिल जाए तो ज्यादा बढिय़ा होगा।गवर्नमेंट कॉलेज के छात्र आशीष के जन्मदिन पर दोस्तों ने पार्टी रखी है।
आशीष बताते हैं कि वे कैसे सेलिब्रेट करेंगे, पता नहीं। मगर वे केक 12 बजकर 12 मिनट 12 सेकंड पर ही काटेंगे। श्रीराम फाइनेंस ग्रुप के मैनेजर अजीत ढांडा अपने काम को लेकर संजीदा है। वे कहते हैं, कंपनी रोजाना औसतन आठ नौ गाडिय़ों के केस फाइनल करती है। उस दिन बारह का लक्ष्य निर्धारित किया है।
डिलीवरी का टाइम भी तय
जो लोग 12 दिसंबर को अपने परिवार में नए सदस्य आने का इंतजार कर रहे हैं, वे ज्योतिषियों से शुभ लग्न के बारे में सलाह मशविरा कर रहे हैं। पंडित देव कुमार ने बताया कि सात आठ फोन आए हैं, जिन्होंने 12 को डिलीवरी करने का प्लान किया हुआ है।
वे चाहते हैं कि ऐसे समय में शिशु पैदा हो, जब मांगलिक लग्न न हो। वे अच्छे लगन के बारे में पूछ रहे हैं। उन्होंने बताया कि हर दिन करीब डेढ़ घंटा मांगलिक योग होता है। परिजन अपना बच्चा मांगलिक नहीं चाहते।








