राहगीरों को लूटने वालों ने रुकवा ली पुलिस की गाड़ी और फिर...

भिवानी. राहगीरों को लूटने वाले उस समय पुलिस की पकड़ में आ गए जब सिटी रेलवे स्टेशन के पास एक गिरोह ने रविवार रात पुलिस की गाड़ी को ही हाथ दे दिया। पुलिस ने तीन बदमाशों को मौके पर ही दबोच लिया।
जानकारी अनुसार तीन युवक सिटी रेलवे स्टेशन के पास मुख्य मार्ग पर राहगीरों को लूटने की तैयारी में थे। तीनों ने आयरन रॉड और डंडे ले रखे थे। इसकी सूचना पुलिस को मिली।
पुलिस ने ऊपरी लाइट बंद कर अपनी गाड़ी वहां से गुजारी तो युवकों ने अंधेरे में पुलिस की गाड़ी को ही लूटने के लिए रुकवा लिया। गाड़ी रुकते के बाद पुलिस का देखकर उन्होंने भागने का प्रयास किया।
मगर पुलिस ने युवकों को वहीं दबोच लिया। पकड़े गए युवकों की पहचान पुराना बस स्टैंड वासी अशोक, रुद्रा कॉलोनी वासी हेमंत, मनकावास वासी जयप्रकाश के रूप में की गई। पुलिस ने युवकों से एक पिकअप डाला, रॉड और डंडे बरामद किए हैं।
युवकों को पकडऩे वाली टीम में एएसआई अजीत सिंह, हवलदार दलीप, नरेंद्र, सिपाही शमशेर शामिल रहे। एएसआई अजीत सिंह ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि सिटी रेलवे स्टेशन के पास कुछ युवक राहगीरों को लूटने की
तैयारी में हैं। सूचना के बाद युवकों को पकड़ लिया गया।






