रामबिलास शर्मा के कार्यक्रम में खूब चला नोटों का खेल

सोनीपत. भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष रामबिलास शर्मा का रविवार को सोनीपत में पार्टी लाइन से कुछ हटकर दिव्यांक गार्डन में स्वागत किया गया। स्वागत समारोह में आमतौर पर फूल-मालाओं के साथ लच्छेदार भाषण दिए जाते हैं पर यहां नोटों का खेल देखने को मिला।
रामबिलास के मंच पर आने पर दो-तीन नारे लगने के बाद मंच पर नोटों की माला पहनाने को होड़ सी लग गई। इसकी शुरुआत सोनीपत से तीन बार विधायक रहे बाबू देवदास के नोटों के हार पहनाने से हुई।
इसके बाद हजकां की ओर से गठबंधन समन्वय समिति के अध्यक्ष पूर्व सांसद और धर्मपाल मलिक ने उन्हें फूलों का बुके भेंट किया। इसके बाद काफी लंबी लाइन नोटों की माला पहनाने वालों की लग गई।
माला संभालने में लगा नेता
तय कार्यक्रम के तहत एक नेता नोटों की मालाओं का थैला भरे हुए मंच के एक ओर बैठा था। यहां लिफाफा देकर माला तुरंत मिल रही थी। अध्यक्ष रामबिलास जहां नोटों की मालाओं को संभालकर मेज पर रख रहे थे, वहीं फूलों की मालाएं नीचे पड़ी थीं और फूलों की बुकों वाली मेज तो कुछ देर बाद मंच से नीचे आ गई।
रुक जाओ, मेरा ध्यान भंग मत करो
मौसम खराब था। इसलिए स्वागत समारोह के बाद सीधे भाजपा प्रदेशाध्यक्ष रामबिलास शर्मा ने भाषण शुरू किया था। इसी दौरान दो बड़े थैलों को नोट भरने के लिए लाया गया।
इनमें एक दो मालाएं ही डाली गईं थीं कि अध्यक्ष जी बोले, रुक जाओ क्या नौटंकी कर रहे हो। मुझे बोल लेने दो। इस पर भीड़ हंस पड़ी। नोटों को थैले में डालने का काम रुक गया और अध्यक्ष जी ने भाषण जारी रखा।








