बेबी लोन कॉमेडी फिल्म, सोशल मीडिया से बिगड़ रहे युवा

हिसार। गंगाजल, लगान, अब तक छप्पन, अपहरण, सिंह इज किंग, और राउडी राठौड़ जैसी दर्जनों हिट फिल्में दे चुके एक्टर यशपाल शर्मा अब अभिनय के साथ प्रोडक्शन और डायरेक्शन में भी हाथ आजमाएंगे। अपनी नई फिल्म बेबी लोन में वे न केवल अभिनय कर रहे हैं, साथ ही डायरेक्शन भी उन्हीं के हाथों में है। गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने अपने आने वाली फिल्मों को लेकर बातचीत की। वे किसी शादी समारोह में शिरकत करने के लिए हिसार आए हुए थे।
उन्होंने कहा कि सबसे महंगे नाटक 'तुगलक' में अभिनय के बाद उनमें काफी कुछ चेंज आया है। यह उनकी अब तक की सबसे बड़ी उपलब्धि है। इसी नाटक से उनकी मनोस्थिति में काफी बदलाव आया है। वे अब हर घटना को अलग अलग नजरों से देखकर ही कोई निर्णय लेते हैं।
बेबी लोन कॉमेडी फिल्म
फिल्म बेबी लोन के बारे में उन्होंने बताया कि यह एक कॉमेडी फिल्म है। जिसमें हीरो काफी लॉटरी खरीदता है, लेकिन बिना पैसों के। अंत में एक दिन लॉटरी निकल जाती है। लॉटरी का टिकट कोई लेकर भाग जाता है। 14 दिसंबर को सुभाष घई की फिल्म 'म्योहो' रिलीज हो रही है। इस फिल्में में आजादी से पहले और वर्तमान हालात को जोड़ा गया है। फिल्म में वे ठाकुर के बेटे बने हैं।
सोशल मीडिया से बिगड़ रहे युवा
युवाओं में दिनों दिन बढ़ती जा रही उग्रता पर उन्होंने कहा कि इसके पीछे कहीं न कहीं सोशल मीडिया जिम्मेवार हैं। बच्चे सुबह से शाम तक कंप्यूटर, मोबाइल, टीवी के संपर्क में रहते हैं, जिससे उनका फ्रैंड सर्कल काफी सीमित हो गया है। वहीं अभिभावकों के साथ भी उसका व्यवहार बदलता जा रहा है। इसकी शुरुआत घर से होती है। बात बात पर रूठना और गुस्से का इजहार जैसी आदतें बच्चों में बढ़ गई हैं।







