पानीपत.
खोतपुरा गांव के डेरा मंचूरी में तनावपूर्ण माहौल के बीच 56 घंटे बाद पुलिस के पहरे में बलबीर के शव का बुधवार शाम साढ़े पांच बजे अंतिम संस्कार हुआ। इससे पहले सुबह से लेकर शाम तक कश्यप समाज व पीड़ित परिवार के समक्ष शव का संस्कार करने के लिए पुलिस मनुहार करती रही, लेकिन पीड़ित परिवार अड़ा हुआ था कि सरपंच सहित पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया। डीएसपी मुख्यालय राजबीर सिंह ने मौके पर पहुंच आश्वासन दिया कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसके बाद ही शव का संस्कार किया गया। चर्चा ये भी रही कि पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। अभी भी गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। पुलिस ने डेरे के आसपास गश्त बढ़ा रखी है।
दो दिन में गिरफ्तारी नहीं हुई तो रोड जाम करेंगे
कश्यप समाज के डा. रफल सिंह व जयभगवान ने बताया कि पुलिस ने दो दिन के अंदर बलबीर के हत्यारोपी सरपंच आज्ञापाल व अन्य आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया तो वे जीटी रोड पर जाम करेंगे। इस मामले को लेकर 9 फरवरी को कश्यप समाज की बैठक की जाएगी। इसमें आगे की रणनीति तय करेंगे। मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा।