वैश्य कॉलेज की एक छात्रा ने जबरदस्त साहस दिखाते हुए एक जीप का पीछा किया और पुराने बस स्टैंड के नजदीक ओवरटेक करके रोक लिया। जहां न केवल जीप का नंबर नोट किया, बल्कि उसे सलाखों के पीछे पहुंचाने का भी प्रयास किया। राहगीरों के सहयोग न करने के कारण जीप चालक छात्रा से मारपीट कर मौके से फरार हो गया।
सिटी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मारपीट, तोड़फोड़ व गाली- गलोच करने का केस दर्ज कर लिया है। नेहरू कॉलोनी निवासी 21 वर्षीय अंजलि वैश्य कॉलेज में बीसीए की छात्रा है। दोपहर करीब दो बजे वह एक्टिवा पर सवार होकर घर जा रही थी। साथ में उसकी सहेली भी थी। झज्जर रोड पर फोटो वाली गली के नजदीक जाम के चलते एक क्रूजर जीप खड़ी हुई थी, जिसने जीप पीछे की तो अंजलि की एक्टिवा का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
जब उसने विरोध किया तो जीप चालक ने एक नहीं सुनी और जीप को दौड़ा दिया। अंजलि ने जीप का पीछा किया और पुराने बस स्टैंड के नजदीक ओवरटेक करके जीप को रोक लिया, जिससे जीप चालक नीचे उतरा और उसके मुंह पर थप्पड़ रसीद दिया। अंजलि ने शोर मचाया, लेकिन किसी भी राहगीर या सवारी ने उसकी सहायता नहीं की। सिर्फ तमाश देखते रहे।
इसका फायदा उठाकर जीप चालक फरार हो गया। उसने परिजनों को पूरे मामले से अवगत करवाया। वे सिटी थाना पहुंचे और मामला दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। इसके लिए जीप नंबर भी नोट करवाया। मामले की जांच कर रहे एएसआई जगदीश का कहना है कि सोमवार को एसडीएम आफिस से जीप नंबर की आइर्डी नोट करके आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।