राज्यदिल्ली
मध्य प्रदेश
राजस्थान
छत्तीसगढ़
हिमाचल
पंजाब
हरियाणा
चंडीगढ़
उत्तर प्रदेश
बिहार
झारखंड
महाराष्ट्र
गुजरात
जम्मू-कश्मीर
'अपना घर' प्रकरण: रंगा की जमानत याचिका खारिज
dainik bhaskar news | Jul 17, 2012, 03:40AM IST

चार दिन पहले अपना घर प्रकरण में नामजद सेवानिवृत्त एसआई भीम सिंह रंगा की जमानत के लिए जेएमआईसी राहुल बिश्नोई की अदालत में याचिका दायर की गई। इस पर सोमवार को दोनों पक्षों के बीच बहस हुई। याचिकाकर्ता के वकील एसपी सेहरी ने कहा कि रंगा पर जो आरोप लगाए गए हैं, उनका कोई आधार नहीं है।
ऐसे में उन्हें जमानत दी जाए। इस पर सरकारी वकील बिजेंद्र राणा ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में मामला बेहद संजीदा बना हुआ है। केस की जांच हरियाणा पुलिस से सीबीआई के पास जा चुकी है। जांच अभी पूरी नहीं हुई है। ऐसे में आरोपी को जमानत देना उचित नहीं होगा। अदालत ने दोनों पक्षों की जिरह सुनने के बाद याचिका खारिज कर दी। प्रकरण की जांच में शामिल रहे एसआई भीम सिंह रंगा पर एसआईटी ने सबूत मिटाने, सबूत छिपाने व साजिश रचने जैसे संगीन आरोप लगाए हैं।
आरोपी 5 जुलाई को गिरफ्तार होने के बाद से सुनारिया जेल में बंद है। उधर, सोमवार को ‘अपना घर’ की संचालिका जसवंती के भाई जसवंत की ओर से अदालत में अपराध दंड संहिता की धारा 167 (2) के तहत जमानत के लिए याचिका लगाई गई। याचिकाकर्ता के वकील ने कहा कि गिरफ्तारी के दो माह के अंदर पुलिस ने आरोप पत्र अदालत में पेश नहीं किया है। ऐसे में जसवंत को जमानत दी जाए। इस पर अदालत ने सिविल लाइन थाना पुलिस को नोटिस जारी किया है।
सीबीआई करेगी फैसला
हरिओम सेवा दल के गांधी कैंप स्थित सहारा आश्रम में दो माह से रह रही ‘अपना घर’ निवासी रामावती अपने घर जाना चाहती है। उसे लेने के लिए उसका भाई शाहआलम बिहार स्थित कटियार से रोहतक आया हुआ है। संस्था के माध्यम से सोमवार को रामावती एसपी विवेक शर्मा से मिली। एसपी ने बताया कि मामले की जांच अब सीबीआई कर रही है। अब रामावती के घर जाने की अनुमति देने या न देने का फैसला सीबीआई ही कर सकती है।
सीबीआई के आलाधिकारी आज रोहतक में
बहुचर्चित ‘अपना घर’ प्रकरण की जांच में जुटी सीबीआई के ज्वाइंट डायरेक्टर अनिल पलटा, डीआईजी महेश अग्रवाल व एसपी आर.उपासक मंगलवार को रोहतक आ रहे हैं। वे चार दिन पहले रोहतक पहुंच चुकी सीबीआई टीम के साथ एसआईटी द्वारा उपलब्ध करवाए गए तथ्यों व सबूतों का विश्लेषण करेंगे। वहीं, सोमवार दोपहर एएसपी सतीश डागर के नेतृत्व में सीबीआई की छह सदस्यीय टीम ने मामले से जुड़े संभावित स्थानों पर जाकर गुप्त तरीके से जांच- पड़ताल की। सूत्रों का कहना है कि सीबीआई टीम जसवंती के पड़ोसियों से बातचीत कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि ‘अपना घर’ में कौन-कौन लोग आते थे।
साथ ही रात के समय अपना घर के अंदर किस तरह की गतिविधियां चलती रहीं। इसके अतिरिक्त सीबीआई की जांच टीम की नजर उन लोगों पर भी टिकी हुई है, जो जसवंती से जेल में मिलने गए। मंगलवार को रोहतक आ रहे सीबीआई के डीआईजी महेश अग्रवाल का कहना है कि ‘अपना घर’ के हर पहलू पर गहराई से मंथन होगा। रोहतक पहुंच कर वे एसआईटी से मिले तथ्यों पर विश्लेषण करेंगे। इसके बाद जांच की कार्रवाई आगे बढ़ेगी।






