इतना बड़ा फ्रॉड कर देगी एक महिला, बैंक वाले हैरान!
Source: Bhaskar News | Last Updated 00:19(10/02/12)
गुड़गांव. गुरुवार शाम सिविल लाइंस थाना पुलिस ने वर्ष 2010 के धोखाधड़ी के एक मामले में महिला आरोपी को गिरफ्तार कर उसे अदालत से दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। महिला यूनाइटेड बैंक में कैशियर थी। फिलहाल महिला आरोपी से महिला पुलिसकर्मी थाने में पूछताछ कर रही हैं।
सेक्टर-14 ओल्ड डीएलएफ स्थित यूनाइटेड बैंक ऑफ इंडिया के सीनियर मैनेजर अरविंद ग्रोवर ने बैंक की हेड कैशियर गीतांजलि दत्ता पर ग्राहकों के खाते से लाखों रुपए निकालने का आरोप लगाया था। इस बाबत अरविंद ग्रोवर ने 17 सितंबर 2010 को सिविल लाइंस थाने में गीतांजलि के खिलाफ धोखाधड़ी और अमानत में खयानत का मामला भी दर्ज कराया था।
हेड कैशियर रहते हुए 25 अप्रैल 2010 से 10 मई 2010 के बीच गीतांजलि ने बैंक ग्राहकों के खाते से 29 लाख 70 हजार 500 रुपए का गबन किया। बैंक ने मामले का पता चलने पर महिला से पूछताछ की तो वह बीमारी का बहाना बनाकर लंबी छुट्टी पर चली गईं। कुछ समय बाद बैंक अधिकारी पैसों के बारे में पूछताछ के लिए महिला के सेक्टर-4 स्थित घर गए तो महिला ने अपना घर भी वहां से बदल लिया।
मामले के आईओ एएसआई बाबूलाल ने बताया कि जांच के बाद गुरुवार को महिला को गिरफ्तार कर अदालत से दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। बैंक में जो भी लोग पैसे जमा कराने आते थे। उनसे महिला पूरी रकम लेकर, पूरी रकम की ही पर्ची उन्हें देती थी। लेकिन उनके खाते में कुछ पैसे जमा कर बाकी खुद रख लेती थी। शुरुआती पूछताछ में गीतांजलि दत्ता ने खुलासा किया है कि तत्कालीन अधिकतर बैंक स्टॉफ गबन के पैसों में से हिस्सा लेता था।