फरीदाबाद. रेलवे ने ओल्ड रेलवे स्टेशन पर बने पार्सल कार्यालय को बुधवार से बंद कर दिया है। इसके लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है। अब व्यापारियों को निजामुद्दीन या दिल्ली जाकर पार्सल बुक कराने जाना पड़ेगा। अधिकारियों के अनुसार घाटे के चलते इसे बंद किया गया है।
गौरतलब है कि यह स्टेशन 2004-05 में सेंट्रल के अंतर्गत आता था, उस दौरान यहां पर 6 लाख रुपए प्रतिमाह के हिसाब से पार्सल की कमाई इस स्टेशन पर होती थी।
उस दौरान यहां से कई एक्सप्रेस गाड़ियों में पार्सल लद कर जाते थे, बेशक उनका स्टॉपेज दो मिनट का होता था, लेकिन फिर भी उनमें पार्सल चढ़ाया जाता था। इसके बाद जब यह स्टेशन नॉर्दर्न में आया तो ट्रेनें बढ़ने के कारण यहां से पार्सल ले जाने की सुविधा को समाप्त कर दिया गया। नियम यह बनाया गया कि जिस ट्रेन का दो मिनट से ज्यादा का स्टॉपेज यहां पर होगा उसमें ही पार्सल भेजा जा सकेगा। इसके चलते ही कुछ पैसेंजर ट्रेनों में ही यह सुविधा रह गई।
प्राप्त सूत्रों के अनुसार यहां पर आने वाले बड़े ऑर्डर मौजूद पार्सल बाबू द्वारा भी इस नियम के चलते ही नहीं लिए जाते थे और उन व्यापारियों को पार्सल बुक कराने के लिए दिल्ली आना पड़ता था। जानकारी के अनुसार इसे बंद करने से यहां से खर्च और कमाई की रिपोर्ट मांगी गई थी। जिसके आधार पर प्रतिमाह 71 हजार रुपए का खर्च और कमाई 25 रुपए का आकलन आया था।