पानी की बोतल के लिए युवक की हत्या
Source: bhaskar news | Last Updated 03:22(09/02/12)
अभयपुर गांव के रहने वाले बिजेंद्र को पानी की बोतल मांगने की कीमत जान देकर चुकानी पड़ी। पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी गई। इस नृशंस घटना को मंगलवार की रात गुड़गांव-सोहना मार्ग पर स्थित राघव वाटिका के पास अंजाम दिया गया।सोहना पुलिस ने सात युवकों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस इनकी गिरफ्तारी की कोशिश में लगी है।
मिली जानकारी के अनुसार डीजे बजाने का काम करने वाला बिजेंद्र मंगलवार की रात खेडा खलीलपुर से अपने गांव लौट रहा था। रास्ते में पानी पीने के लिए वह राघव वाटिका के पास गाड़ी से उतरा। आरोपी युवकों में से कुछ वहां पहले से ही पानी पी रहे थे। उनके पास प्लास्टिक की एक बोतल थी।बिजेंद्र ने यह बोतल मांगी।इसी बात पर आरोपी युवक भड़क गए और उनकी बिजेंद्र के साथ बहस होने लगी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवकों ने फोन कर राघव वाटिका के अंदर से अपने साथियों को बुलाया।इसके बाद सबने मिलकर लाठी-डंडे से पीट-पीटकर बिजेंद्र को लहूलुहान कर दिया और फरार हो गए। बिजेंद्र को गंभीर हालत में सोहना सामान्य अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। आरोपी युवकों में सोहना निवासी मुबारिक, शाकिर, समीर, इमरान, धन्नी, सिराजू और जावेद शामिल हैं।
सोहना-गुड़गांव मार्ग जाम
बिजेंद्र की हत्या से नाराज परिजन और ग्रामीणों ने बुधवार की सुबह शव के साथ गुड़गांव-सोहना मार्ग जाम कर दिया।सुबह नौ बजे से 11.30 बजे तक परिजन शव को सड़क पर रखकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे।सूचना मिलने के बाद डीसीपी महेश्वर दयाल, एसीपी नरेंद्र कादयान समेत बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे।लेकिन, लोगों का गुस्सा शांत नहीं हुआ।मृतक के भाई का कहना है कि बिजेंद्र की हत्या मेवात के नेता जावेद के शह पर की गई है। जावेद के परिवार का ही समारोह राघव वाटिका में चल रहा था। लोग इस बात को लेकर भी नाराज थे कि वारदात स्थल से कुछ दूरी पर ही पीसीआर खड़ी रहने के बावजूद आरोपी फरार होने में सफल रहे।डीसीपी महेश्वर दयाल ने पीसीआर में तैनात कर्मियों को निलंबित करने और जांच का भरोसा परिजनों को दिलाया।इसके बाद बिजेंद्र का शव पोस्टमार्टम के लिए पुलिस को सौंपा गया।