बीपीएल सूची बनी अधिकारियों के गले की फांस
Source: bhaskar news | Last Updated 03:15(07/02/12)
पानीपत. बीपीएल सूची में नाम दर्ज करवाने का मामला अधिकारियों के गले की फांस बन गया है। हाईकोर्ट के आदेश पर बीपीएल सूची में नाम दर्ज करने के लिए जमा हुए फार्मो की रिपोर्ट आठ फरवरी तक पेश करनी है। जबकि फार्म जमा करवाने की अंतिम तिथि सात फरवरी रखी गई है। कार्यालयों में जमा होने वाले हजारों फार्मो को देखते हुए कर्मचारियों की सांसें फूली हुई हैं।
सर्वे से पहले जहां जिले में बीपीएल सूची में करीब 44 हजार लोगों के नाम थे वहीं हाईकोर्ट के आदेश पर प्रशासन द्वारा करवाए गए सर्वे के बाद 36 हजार बीपीएल कार्ड धारकों के नाम सूची से काट दिए गए थे। इसे लेकर बीपीएल कार्ड धारकों ने जीटी रोड जाम लगाना और लघु सचिवालय पर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। लोगों को शांत करने के लिए प्रशासन ने दोबारा सर्वे कराने का आश्वासन दिया था।
जांच के लिए दें दो सप्ताह का समय
नगर निगम कर्मचारी यूनियन के जिला प्रधान धर्मबीर सारसर का कहना है कि दिन भर लोगों में फार्म जमा करने के लिए धक्का मुक्की मची रहती है। एक एक कर्मचारी के जिम्मे सात सात वार्ड व कुछ गांव दिए गए हैं। कर्मचारियों की आलमारियां बीपीएल सूची में नाम दर्ज करने के लिए आने वाले फार्मो से भरी हुई हैं।
उन्होंने कहा कि 7 फरवरी शाम तक फार्म जमा करने के बाद 8 फरवरी को इसकी रिपोर्ट कैसे तैयार होगी। उन्होंने मांग की है कि फार्मो की जांच करने के लिए कम से कम दो सप्ताह तक का समय दिया जाना चाहिए ताकि सभी फार्मो पर गहनता से ध्यान दिया जा सके। लोगों के घरों में जाकर मौके का मुआयना भी किया जा सके। अगर फार्मो की जांच के लिए समय कम होगा तो गलतियां होने की संभावना भी प्रबल होगी।
सूची से काटे गए नामों की ही होनी थी जांच : बीपीएल के सर्वे के दौरान जिन लोगों के नाम काट दिए गए थे। केवल उन्हीं लोगों को फार्म भरने के लिए कहा गया था, लेकिन जिन लोगों का नाम बीपीएल सूची में नहीं है और जिन लोगों के पास हरा राशन कार्ड था। उन लोगों का भी फार्म जमा करने के लिए तांता लगा हुआ है।
क्या है नियम
नियम के अनुसार अगर किसी परिवार की प्रति व्यक्ति की आय 431 रुपए प्रति माह से अधिक है तो उसका नाम बीपीएल सूची से काट दिया जाएगा। बीपीएल का जो सर्वे किया गया था। वह इसी आधार पर हुआ था। इस कारण करीब 90 लोगों का नाम बीपीएल सूची से काट दिया गया था।
एक दिन में बनेगी रिपोर्ट
॥ बीपीएल सूची में नाम दर्ज करवाने की अंतिम तिथि 7 फरवरी रखी गई है। निर्धारित तिथि तक जितने फार्म आते हैं उनकी रिपोर्ट 8 फरवरी को देनी है। सभी काम सुचारू रूप से चल रहा है। कर्मचारी फार्मो को साथ के साथ पढ़ रहे हैं। जिस कारण एक दिन में रिपोर्ट तैयार कर ली जाएगी।
प्रताप सिंह, ईओ. नगर निगम