स्वास्थ्य विभाग को चाहिए अपने ही सत्यापित सर्टिफिकेट का सबूत
Source: bhaskar news | Last Updated 04:36(07/02/12)
पानीपत. विकलांग बापौली निवासी पालेराम तीन महीने से अपनी पत्नी केला देवी के विकलांगता फार्म पर साइन करवाने सामान्य अस्पताल के सिविल सर्जन कार्यालय के चक्कर काट रहा है। यहां के एक आला अधिकारी विभाग द्वारा ही सत्यापित सर्टिफिकेट का सबूत मांग रहे हैं, जबकि सामान्य अस्पताल के एक डाक्टर 4 अक्टूबर 2011 को मेडिकल सर्टिफिकेट पर साइन पर चुके हैं कि केला देवी के दाएं हाथ की अंगुली व अंगूठा मशीन में कटा है। पालेराम ऊहापोह में है कि स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारी के समय में ही मेडिकल सर्टिफिकेट बना और वही आपत्ति जता रहे हैं।
चारा मशीन में कट गई थी अंगुली
केला देवी 3 अक्टूबर 2011 की शाम को चारा मशीन पर चारा काट रही थी। तभी उसके दाएं हाथ की चारों अंगुली व अंगूठा कट गया था। उसका इलाज सामान्य अस्पताल पानीपत में करवाया गया। 4 अक्टूबर को डाक्टर शैलेंद्र ने मेडिकल सर्टिफिकेट पर साइन कर दिए। जिसमें लिखा है कि केला देवी के हाथ की अंगुली व अंगूठा मशीन में कटा है।
वित्तीय सहायता के लिए करना है आवेदन : केला देवी की चार लड़की और दो लड़के हैं। पति पालेराम दूध बेच कर परिवार का पोषण कर रहे थे, लेकिन 1995 में उसका भी गन्नौर के पास सड़क हादसे में बायां पैर कट गया था। परचून की दुकान से गुजर बसर करने में दिक्कत आ रही है। इसलिए उसने प्रदेश सरकार की योजना कृषि कार्यो के करते समय दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति को मिलने वाली राहत राशि के लिए आर्थिक सहायता के लिए बापौली मार्केट कमेटी में आवेदन किया था। इससे उसे करीब 50 हजार रुपए मिलने हैं, लेकिन इसमें अड़चन ये है कि सिविल सर्जन फार्म को सत्यापित करेगा कि इसका हाथ चारा मशीन में कटा है। लेकिन फार्म पर साइन नहीं हो पा रहे हैं। इससे उसे वित्तीय सहायता नहीं मिल रही है।
सिविल सर्जन एचएस रंधावा से सीधी बात
सवाल: केला देवी का मेडिकल सर्टिफिकेट बना हुआ है, फिर उसके फार्म पर साइन क्यों नहीं हो रहे हैं?
जवाब: मेडिकल सर्टिफिकेट उसके समय पर बना है या नहीं देखना पड़ेगा।
सवाल: मेडिकल सर्टिफिकेट आपके कार्यकाल के दौरान तीन महीने पहले ही बना है।
जवाब: संबंधित डाक्टर व ग्राम पंचायत ने लिखकर देना होगा कि महिला का हाथ खेती कार्य के दौरान हुआ है।
सवाल: फिर फार्म के साइन में क्यों अड़ंगा लगाया जा रहा है?
जवाब: कई लोग सड़क हादसे में घायल हो जाते हैं, लेकिन आर्थिक फायदा खेती कार्य में अंग भंग होने का उठा लेते हैं। बाद में ऐसे मामलों की जांच होने पर स्वास्थ्य विभाग को जवाबदेही देनी पड़ती है।
सवाल: सभी नियम पूरे किए गए हैं तो क्या फार्म पर साइन होंगे?
जवाब: फार्म की जांच के बाद साइन कर दिए जाएंगे।