पानीपत.सेना के जवानों के लिए अच्छी खबर है। अब उनके लिए 2012 में पाली क्लीनिक बनेगा। इसके लिए सेक्टर छह में निरूला होटल के पीछे 1200 गज की साइट तय कर दी गई है। इस क्लीनिक पर करीब दो करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। सैनिक बोर्ड भवन निर्माण के लिए टेंडर जारी करेगा।
पाली क्लीनिक के लिए पहले सेक्टर छह लघु सचिवालय के पीछे रेलवे लाइन के साथ जगह तय की गई थी। यहां पर मरीजों को ट्रेनों की आवाज से होने वाली दिक्कत के मद्देनजर इस साइट की तब्दीली के लिए सैनिक बोर्ड ने मुख्य प्रशासक हुडा पंचकूला को अर्जी भेजी थी। जिला नगर योजनाकार (प्लानिंग) धीरेंद्र सिंह ने बताया कि हुडा ने इस अर्जी पर अमल करते हुए क्लीनिक की साइट को निरूला होटल के पीछे निर्धारित कर दिया है।
एक छत के नीचे मिलेगी सुविधा
पाली क्लीनिक के इंचार्ज कर्नल मदन पाल ने बताया कि पाली क्लीनिक अब फ्रेंड्स कालोनी में किराये के भवन में चल रहा है। इसमें कोई लैब नहीं बन पाई है। इसके लिए मरीजों को निजी अस्पतालों में जाना पड़ता है जो कि उनके पैनल पर हैं। सेना का पाली क्लीनिक बनने पर मरीजों को एक छत के नीचे सुविधा मिलेगी। इसमें दो मेडिकल आफिसर, एक मेडिकल स्पेशलिस्ट, डेंटल आफिसर, एक्सरे रूम, डेंटल लैब सहित कई सुविधाएं दी जाएंगी।