जिसके प्यार में हुआ जा रहा था पागल वह पहुंच गई थाने, फिर...

फरीदाबाद. एकतरफा प्यार में पागल युवक ने जान दे दी। युवती द्वारा बार-बार इंकार किए जाने से आहत युवक ने तिलपत गांव के सरकारी स्कूल में जहर खाकर मौत को गले लगा लिया। सराय ख्वाजा थाने के एसएचओ ब्रहम सिंह के अनुसार गांव में रहने वाले नरेश का पुत्र पवन (22) डिस्टेंस से बीए कर रहा था।
वह एक कॉलोनी की युवती को काफी समय से पसंद करता था। पवन ने जब उससे अपने प्यार का इजहार किया तो युवती से इंकार कर दिया। लेकिन पवन अक्सर उससे प्रेम का इजहार करता रहा। परेशान होकर युवती ने पल्ला पुलिस चौकी में उसके खिलाफ छेड़छाड़ करने की शिकायत दे दी। दोनों पक्ष पुलिस चौकी आए। युवक के परिजनों ने दोबारा युवती को परेशान न किए जाने का आश्वासन देकर राजीनामा करा दिया। कुछ दिन तक तो युवक ठीक रहा लेकिन उसके बाद फिर से वह युवती के पीछे लग गया। युवती के फिर इनकार पर युवक तनाव में आ गया था।
गुरुवार रात वह घर से निकल गया। देर रात उसने अपने बड़े भाई मिंटू को फोन कर बताया कि वह गांव के सरकारी स्कूल में है और उसने सल्फास की गोलियां खा ली हैं। यह सुनकर मिंटू के होश उड़ गए और उसने इसकी सूचना अपने परिजनों को दी। स्कूल पहुंच लोगों ने वहां पड़े पवन को शिवालिक अस्पताल में भर्ती कराया फिर वहां से सवरेदय अस्पताल ले गए। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पल्ला पुलिस चौकी इंचार्ज सब इंस्पेक्टर तरसेम का कहना है कि युवक ने प्यार में मिली नाकामी के चलते पवन ने जान दी।






