क्राइम वॉच : क्योंकि आपका जानना जरूरी है
Source: dainik bhaskar news | Last Updated 09:13(10/02/12)
पानीपत। पुलिस ने दहेज हत्या के आरोपी मुखीजा कालोनी निवासी पति गौरव को फिर से अदालत में पेश किया। जहां से उसको न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इससे पहले पुलिस ने आरोपी से एक दिन के रिमांड पर सोनिया की हत्या में इस्तेमाल चुन्नी व दहेज का सामान बरामद किया। इस केस में गौरव की मां चंद्रकला को पहले ही जेल भेजा जा चुका है। मृतका के पिता बबैल निवासी रामचंद्र ने हत्या का आरोप लगाया था। थाना माडल टाउन में गौरव सहित पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज है।
दुष्कर्म के आरोपी को भेजा जेल
पुलिस ने भारत नगर निवासी गणोश को गुरुवार को अदालत में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। विदित रहे कि गणोश (22) ने बुधवार सुबह पड़ोस में ही किराये पर रहने वाले एक व्यक्ति की तीन साल की बेटी के साथ दुष्कर्म कर दिया था। लोगों ने पहले आरोपी गणोश की पिटाई की फिर पुलिस के हवाले कर दिया था। थाना माडल टाउन पुलिस ने उसके खिलाफ दुष्कर्म सहित कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया।
सड़क हादसे में दो घायल
शाहपुर गांव के पास गुरुवार शाम को सड़क हादसे में दो युवक घायल हो गए। उनको सामान्य अस्पताल में दाखिल कराया गया है। घटना करीब साढ़े चार बजे की है। शाहपुर निवासी संदीप व राजेंद्र बाइक पर सवार होकर इसराना से गैस सिलेंडर भरवाकर घर जा रहे थे। तभी शाहपुर व इसराना के बीच बाइक को किसी वाहन ने टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों घायल हो गए। इसराना थाना पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में लेकर केस की जांच शुरू कर दी है।
तांत्रिक को दो दिन के रिमांड पर लाई पुलिस
गांव हथवाला वासी सुभाष से पत्नी की अपंगता को दूर करने व ओलाद पैदा कराने का झांसा देकर लाखों की नकदी व सोने चांदी के आभूषण ठगने वाले उतराखंड निवासी तांत्रिक को पुलिस ने गुरूवार अदालत में पेश किया। यहां से पुलिस तांत्रिक को ठगे पैसे व सामान की रिकवरी के लिए दो दिन के रिमांड पर लाई। उससे पैसे व जेवरातों के बारे में पूछताछ कर रही है। पुलिस ने करीब डेढ़ माह पहले सुभाष की शिकायत पर मामला दर्ज कर तलाश शुरू क थी। बुधवार को आरोपी भापरा स्थित किसी रिश्तेदार के घर पर आया हुआ था तो पुलिस ने छापा मारकर उसे दर दबोचा। जांच अधिकारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि बद्री प्रसाद को अदालत में पेश करने के बाद दो दिन के रिमांड पर लाया गया है। रिमांड के दौरान उससे ठगी गई नकदी व अन्य सामान की बरामदगी की जाएगी।
बंद दुकान से अफीम बरामद, तीन भाई पकड़े
क्षेत्र के गांव शोदापुर में 9 फरवरी को सीआईए थाना शहर पुलिस ने टेलर की बंद दुकान से लगभग 2 किलोग्राम बताई है। डीएसपी प्रदीप श्योकंद, थाना माडल टाउन प्रभारी रोहताश सिंह व नहर नाका चौकी इंचार्ज एमआई खान ने दुकान में तलाशी ली। दुकान के अंदर थैले में अफीम मिली। पुलिस ने दुकान मालिक सतपाल और उसके भाई सुरेश व रामकुमार को हिरासत में ले लिया।
डीएसपी प्रदीप श्योकंद ने इस मामले में ग्रामीणों से भी पूछताछ की। ग्रामीणों ने उनके निदरेष होने की बात कही। नहर नाका इंचार्ज एमआई खान ने बताया कि अभी जांच चल रही है। जांच पूरी होने के बाद ही कुछ बताया जा सकता है।
हादसों में एक की मौत, तीन घायल
गांजबड़ गांव के पास जीटी रोड पर बुधवार रात को सड़क हादसे में एक व्यक्ति (25) की मौत हो गई। थाना सदर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवा दिया है। मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। उधर, गुरुवार शाम को बाबरपुर के पास सड़क हादसे में पानीपत निवासी अरविंद, उसकी पत्नी निधि व बेटा आर्यमान घायल हो गये। उनको सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया।
चोरी के आरोपी को भेजा जेल
पुलिस ने चोरी के आरोप में सेक्टर 6 स्थित हाउसिंग बोर्ड कालोनी निवासी अवनीश व हरि नगर निवासी ओमपाल को अदालत में पेश किया। जहां उनको न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने पहले ही दोनों आरोपियों से करीब पांच लाख रुपए कीमत के जेवर मोबाइल बरामद कर लिया था। सेक्टर 6 निवासी थर्मल से सेवानिवृत्त एक्सईएन वेद प्रकाश ने सेक्टर 6,7 चौकी पुलिस को शिकायत दी कि वह 16 जनवरी को अपनी पत्नी के साथ बाहर गए थे। वे 31 जनवरी को घर लौटे तो उनका करीब 12 तोला सोना व चांदी के जेवर तथा मोबाइल गायब मिला। पुलिस ने मंगलवार को देवी लाल पार्क के पास चोरी की साजिश रचने के आरोपी अवनीश व ओमपाल को गिरफ्तार किया। उन्होंने आरोप कबूला कि वेद प्रकाश के घर चोरी की है।