बंद की चर्चा से पेट्रोल पंपों पर उमड़ी भीड़

गुडग़ांव। सोमवार शाम 5 बजे के बाद पेट्रोल पंपों पर तेल न मिलने की असमंजस की स्थिति में लोग परेशान रहे। देर शाम तक कोई फैसला न आने पर साइबर सिटी में पंपों पर वाहनों की खासी भीड़ लगी रही। लोगों को यह दुविधा थी कि सुबह उन्हें वाहन के लिए ईंधन मिल पाएगा या नहीं। वहीं कमीशन बढ़ाने को लेकर दिल्ली में हुई बैठक में यहां के पेट्रोल पंप संचालकों ने मुंबई में 8 घंटे तक ही पंप खोलने में शामिल होने से साफ इनकार कर दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि गुडग़ांव के पेट्रोल पंपों पर इसका असर नहीं पड़ेगा।
कमीशन कम मिलने से मुंबई के पेट्रोल पंप संचालकों ने आठ घंटे ही पंप खोलने का निर्णय लिया है। इसके चलते सोमवार को साइबर सिटी के पेट्रोल पंपों पर शाम 5 बजे के बाद तेल न मिलने की स्थिति में लोग अपने-अपने वाहन लेकर पंप पर देर शाम तक डटे रहे। वहीं पेट्रोल पंप संचालक सूरज ने बताया कि कमीशन बढऩे की मांग को लेकर मुंबई में 8 घंटे पंप खुलेंगे। इस नियम को पूरे देश के पंपों पर लागू करने को लेकर हुई बैठक में यहां के संचालकों ने यह कहकर इनकार कर दिया कि वे इस निर्णय से संतुष्ट नहीं हैं। इसके बाद गुडग़ांव में 24 घंटे पेट्रोल पंप खुले रहेंगे।
जिले में 89 पेट्रोल पंपों का संचालन: गुडग़ांव की 15 लाख से अधिक आबादी वाले क्षेत्र में 89 पेट्रोल पंप हैं। यहां पर कई कंपनियों ने अपने-अपने पंप खोल रखे हैं। इसमें इंडियन ऑयल कंपनी के 52, भारत पेट्रोल पंप व हिन्दुस्तान पेट्रोलियम के 15-15 और आईबीपी के 7 पेट्रोल पंप हैं।
24 घंटे मिलेगी सेवा: पेट्रोल पंप संचालकों और एसोसिएशन के मुताबिक यहां प्रतिदिन 26 हजार लीटर डीजल और 15 हजार लीटर से अधिक पेट्रोल की खपत है। मुंबई में कमीशन बढ़ेगा तो उन्हें भी इसका लाभ मिलेगा। फिलहाल वे लोग मुंबई की तरह 8 घंटे पेट्रोल पंप संचालित नहीं करेंगे।
ये है डीजल और पेट्रोल पर कमीशन: जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक मंजूला दहिया के मुताबिक एक लीटर डीजल पर 51 पैसे और पेट्रोल पर 1.46 रुपए का कमीशन पंप संचालकों को मिलता है। 8 घंटे पेट्रोल खोलने की जानकारी होने पर पंप संचालकों और उनके एसोसिएशन से बात की गई तो उनका कहना था कि मुंबई में लागू हुआ है और यहां पर लागू नहीं किया जाएगा। वे लोग 24 घंटे सेवा देंगे।









