सेहत महकमे को अंधेरे का ‘करंट’
Source: bhaskar news | Last Updated 02:38(07/02/12)
फरीदाबाद. दिन : सोमवार। स्थान : बीके अस्पताल। समय -दोपहर 1.30 बजे। सिविल सर्जन डॉ. रामेंद्र सिंह अपने कार्यालय में मोमबत्ती की रोशनी में काम निपटा रहे हैं।ब्लड बैंक, मलेरिया विभाग, फैमिली प्लानिंग, आईसीटीसी सेंटर में भी घना अंधेरा है। कुछ में कर्मचारी मोमबत्ती के सहारे काम निपटाते रहे तो कुछ में कंप्यूटर बंद होने से कर्मचारी बाहर टहलते रहे।यह नजारा कोई नया नहीं है।बल्कि पिछले कई दिनों से ही नजारा यहां देखने को मिल रहा है।
क्या है पूरा माजरा : बीके अस्पताल की पुरानी बिल्डिंग में सिविल सर्जन कार्यालय है। इसमें ब्लड बैंक, मलेरिया विभाग, आईसीटीसी, फूड डिपॉर्टमेंट जुड़े हैं। पहले इन डिपॉर्टमेंट की बिजली बीके के नए अस्पताल के जनरेटर से जुड़ी थी। जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले पीएमओ के आदेश पर सीएमओ कार्यालय से जनरेटर की सप्लाई को काट दिया गया है। ऐसे में अब बिजली जाने के बाद सीएमओ कार्यालय समेत सभी डिपार्टमेंट में अंधेरा छा जाता है। ऐसे में जब बिजली चली जाती है तो मोमबत्ती की रोशनी में काम होता है।
इस संबंध में जब सिविल सर्जन डॉ. रामेंद्र सिंह से बात की गई तो उन्होंने कहा कि कुछ दिन से यह दिक्कत चल रही है। पहले जनरेटर से सप्लाई कनेक्ट थी, लेकिन पीएमओ ने कटवा दी है। अब बिजली जाने के बाद दिक्कत हो रही है। ऐसा क्यों किया गया? इस सवाल पर सिविल सर्जन ने कहा कि इसका जवाब पीएमओ ही बेहतर दे सकते हैं। जबकि अस्पताल के पीएमओ डॉ. ओपी मेहता से इस संबंध में पूछने पर उन्होंने कुछ भी कहने से इंकार कर दिया।