रोहतक. खबरदार, होशियार! सभी प्यार करने वाले सावधान हो जाएं, प्यार का इम्तिहान देने वालों की डेटशीट जारी हो चुकी है। कड़ी परीक्षाओं से गुजरना होगा, इसलिए अपनी तैयारियां कर लीजिए। इससे अच्छा मौका फिर नहीं मिलने वाला।
आज से एक सप्ताह तक चलने वाली इन प्यार की परीक्षाओं में इस बार होगा आर या पार। 14 फरवरी वेलेंटाइन डे ऐसा मौका होता है जिस दिन बहुतों के दिल मिलते हैं और बहुतों के दिल जलते हैं। इसलिए इन दिनों में हर कोई अपने अजीज को अपनी संवेदनाएं व्यक्त करने के लिए पुरजोर कोशिश करता हैं। इन दिनों में युवा लव गुरु से टिप्स भी लेते मिलते हैं तो कहीं खुद ही हवाई किलो के सहारे जोखिम उठाते देखे जा सकते हैं। पर, इस बार प्यार के इम्तिहान में नकल की संभावना कम ही है। इसलिए खुद ही तैयारियां ही आपको पास आउट कराएंगी, चूंकि फ्लाइंग यानि पुलिस भी कड़क मूड में नजर आ रही है। बस एक ही लव मंत्र काम करेगा- नथिंग इन इंपासिबल।
ज्यादा साथ देते हैं विदेशी गुलाब : यूं तो देसी गुलाब भी बाजार में प्रचूर मात्रा में है, लेकिन विदेशी गुलाब दुकानदारों और युवाओं की पहली पसंद है। विदेशी गुलाब की लाइफ 15 दिन तक होती है। इसके लिए ऑस्ट्रेलिया, थाइलैंड के गुलाब युवा जोड़ों के हाथों में आएंगे। बेंगलुरु, पुणो, मुंबई, दिल्ली और मैसूर से भी फूल मंगाए गए हैं।
पहला दिन रोज डे
7 फरवरी को शुरू होने वाली इन परीक्षाओं में पहला दिन रोज डे होगा। इस दिन प्यार का इम्तिहान देने वालों की ओर से अपने अजीज को गुलाब का फूल दिया जाता है। गुलाब के फूल का रंग भी तय करता है कि किस मकसद से अपने अजीज को फूल दिया गया है। हर गुलाब कुछ अलग ही भावना और संवेदना तय करता है।
गुलाब रंग अर्थ
रेड रोज प्यार का इजहार करने के लिए
व्हाइट रोज सादगी और सद्भाव व्यक्त करने के लिए
येलो रोज दोस्ती करने के लिए
पिंक रोज खुशी और प्रेयसी की तारीफ में
ओरेंज रोज मित्रता में जुनून व उर्जा दिखाने को
ब्लू रोज चाहकर भी भूल न पाने के लिए
मिक्स्ड रोज मिली-जुली संवेदनाओं के लिए