अब के बरस इजहार-ए-मोहब्बत हुआ और महंगा
Source: bhaskar news | Last Updated 03:22(08/02/12)
फरीदाबाद/ बल्लभगढ़इस साल वैलेंटाइन डे पर इजहार-ए-मोहब्बत करना जेब पर भारी पड़ेगा। जैसे-जैसे 14 फरवरी का दिन करीब आ रहा है फूलों, टेडी बियर और गिफ्ट आइटम की कीमतों में इजाफा हो रहा है। आने वाले दिनों में इनकी कीमत में और वृद्धि होगी।
फूलों से महके बाजार : प्यार के मौसम की शुरुआत मंगलवार को रोज डे के साथ हुई। बाजार में फूल खरीदने करने वालों की भीड़ देखी गई। फूलों के साथ दोस्ती की शुरुआत करने का चलन काफी पुराना है। युवाओं ने लाल, पीले व सफेद गुलाब एक-दूसरे को देकर दोस्ताना सलामत रहने की कामना की।
गुलाब हुआ महंगा : शादियों के सीजन के साथ-साथ वैलेंटाइन डे के करीब आते ही गुलाब इतराने लगा है। दो दिन पहले तक 10 रुपए में गुलाब का एक फूल मिल रहा था। लेकिन, मंगलवार को इसकी कीमत 20 रुपए के पार हो गई। कहीं-कहीं तो यह 35 रुपए के भाव भी बिका। जिले में नहर पार क्षेत्र के गांवों में करीब 200 हेक्टयेर भूमि पर फूलों की खेती होती है। फूल विक्रेता सोहन सिंह के अनुसार पिछले दो दिनों से गुलाब की डिमांड बढ़ गई है।शहर के बाजारों में रोज डे पर रेड रोज का एक फूल 25-35 रुपए, व्हाइट रोज 20-25 रुपए में बिका। बुके 500 से 25 हजार रुपए के बीच मिल रहे हैं। एनआईटी स्थित फूल विक्रेता आशुतोष के अनुसार वेलेंटाइन डे तक फूल के दाम और भी बढ़ सकते हैं। इस दिन गुलाब के एक फूल के लिए आपको 50 रुपए तक खर्च करना पड़ सकता है।