रोहतक. सईद वाली गली स्थित ज्वेलर्स शॉप में हुई 80 लाख की लूट पुलिस के लिए चुनौती साबित हो रही है। वहीं दूसरी ओर ज्वेलर्स और अन्य व्यापारियों में असुरक्षा की भावना है। व्यापारियों में रोष है कि इतनी वारदातें होने के बावजूद पुलिस व्यापारियों की सुरक्षा के मामले को ढीलाई से क्यों ले रही है?
एक तरफ जहां आभूषण व्यापारी ओमप्रकाश गुप्ता व व्यापारी वर्ग को दिलासा दे रहे हैं कि एक दो दिन में गुत्थी सुलझ जाएगी, दूसरी तरफ हर उस अपराधी से पूछताछ की जा रही है, जो इस तरह की वारदात में पहले शामिल रहा है। दूसरा सुनारियां गांव के पास मिले खाली डिब्बे से भी सुराग ढूंढने का प्रयास कर रही हैं, क्योंकि पुलिस को वहां पर शराब की खाली बोतल भी मिली हैं। यहां से तार जोड़कर पुलिस गांव के खास सूत्रों से बातचीत कर रही है।
एसपी विवेक शर्मा ने बताया कि लुटेरों का सुराग देने वाले को न केवल एक लाख रुपए का ईनाम दिया जाएगा। तीन नकाबपोश लुटेरों में से एक लेदर की जॉकेट पहने हुए था, जबकि दूसरे का कद छह फीट के करीब था। पुलिस आम पब्लिक के सहयोग से ही कामयाबी मिल सकती है।
रेलवे रोड के व्यापारियों ने सबक लिया
सरेआम हुई लाखों की लूट व भास्कर की अपील का रेलवे रोड के व्यापारियों पर असर होने लगा है। एसोसिएशन के प्रधान हेमंत बख्शी ने बताया कि बुधवार को कई दुकानदारों ने अपने खराब पड़े सीसीटीवी ठीक करवाए। जहां कैमरे नहीं लगे हुए थे, उन्होंने ऑर्डर जारी कर दिए। एसोसिएशन ने भी व्यापारियों खासकर सोने-चांदी का कारोबार करने वाले दुकानदारों के पास जाकर सीसीटीवी लगाने की अपील करने का फैसला लिया है। साथ में कहा जाएगा कि दुकानदार न केवल दुकान में कैमरे लगाएं, बल्कि एक कैमरा दुकान के बाहर भी लगाएं। ताकि गली से गुजरने वाले लोगों पर भी नजर रहे।
उधर, पालिका बाजार में व्यापारी नेता गुलशन निझावन की अध्यक्षता में इस घटना को लेकर चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि शहर में व्यापारी सुरक्षित नहीं हैं। इस तरह की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं।