फरीदाबाद। गुरुवार देर रात नेशनल हाइवे क्राउन प्लाजा के सामने बल्लभगढ़ से दिल्ली जाने वाली लाइन के किनारे करीब 30 साल पुराने नीम के पेड़ में रहस्यमय तरीके से आग लग गई। इससे लोगों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते पेड़ हाइवे पर गिर गया। इससे अजरौंदा से लेकर बल्लभगढ़ तक हाइवे पूरी तरह से जाम हो गया। दो घंटे की मशक्कत के बाद पेड़ को हाइवे से हटाया गया।
कैसे हुआ हादसा : पुलिस के मुताबिक नेशनल हाइवे के पास क्राउन प्लाजा के सामने लगभग 35 फीट ऊंचा नीम का पेड़ था। यह पेड़ नीचे से सूखा था। कुछ खोखला भी हो रहा था। गुरुवार रात रात लगभग 9.45 बजे अचानक पेड़ के खोखले हिस्से में आग लग गई। आग ने पेड़ के निचले हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। इसे देख हाइवे पर चल रहे वाहन चालक ठिठक गए और इससे दूर होकर चलने लगे। थोड़ी देर में ही पेड़ हाइवे पर गिर गया। इससे बल्लभगढ़ से दिल्ली जाने वाली लाइन ब्लॉक हो गई। सूचना पर सेक्टर-15ए पुलिस चौकी इंचार्ज विश्व गौरव मौके पर पहुंचे लेकिन वहां हालात काबू में नहीं थे। पेड़ को हटाने के लिए क्रेन मंगाई गई। दो से तीन क्रेन भी पेड़ को नहीं हटा सकीं। पुलिस की टीमें पेड़ की बड़ी टहनियां काटने में जुट गईं, इसके बावजूद समस्या का हल नहीं हुआ। बड़ी क्रेन मंगाने के बाद ही पेड़ को हटाया जा सका।
अगली तस्वीर पर क्लिक करें-