हरियाणा.चंडीगढ़.अगर हरियाणा-पंजाब के युवा कांग्रेसियों ने कांग्रेस के युवराज राहुल गांधी की बात मानीं तो अवैध रूप से गाड़ियों पर लगी लाल बत्तियां हट जाएंगी। यहां के वरिष्ठ नेता की मानें तो इन दो प्रदेशों में जितना लालबत्ती का दुरुपयोग है, कहीं नहीं होता। इसके अलावा राहुल ने कई टिप्स और दिए हैं। खासतौर से पंजाब चुनाव में टिकट कर मांगने गए युवाओं को उन्होंने ये बातें जरूर कही।
राहुल से मिलकर लौटे कांग्रेसियों की जुबान से ही ये टिप्स राजनीतिक चौपालों पर आए। नेता के गोपनीय आदेश हैं। इसलिए कोई नाम नहीं देना चाहता। बकौल युवा कांग्रेसी राहुल गांधी पंजाब के बठिंडा, लुधियाना, अमृतसर जैसे क्षेत्रों में युवा फौज का प्रभाव जमाने पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं। उन्होंने सबसे पहले यही बात कही कि कोई विधायक बनने के बाद लालबत्ती नहीं लगाए, ये ही नहीं प्रभावी पद वाले भी नियमानुसार ही लालबत्ती का प्रयोग करे।
इसके अलावा उन्होंने राजनीतिक माहौल में आने के बाद हुड़दंग करने से बचने की सलाह दी। जनता के बीच छवि पर ध्यान बड़ी जरूरत बताई। उनके तीसरे टिप्स में भ्रष्टाचार नहीं करने की बड़ी सीख थी। साथ ही कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई को जीवन का हिस्सा बनाएं।
राहुल के ये टिप्स अब हरियाणा व पंजाब के युवा कांग्रेसियों में उनके टैलेंट हंट प्रोग्राम की तरह छाए हुए हैं। युवा कांग्रेसी एडवोकेट सत्यवान श्योराण एवं विधानसभा अध्यक्ष तरुण जैन की मानें तो तीनों बातें अहम हैं। वाकई यहां गाड़ियों पर अवैध रूप से लालबत्ती लगाना तो बड़ी समस्या है।
जब विधायक ही नियम तोड़ेंगे तो दूसरा कौन पालन करेगा। राजस्थान जैसे बड़े राज्यों में विधायक ऐसा नहीं करते। खैर, टिप्स का पालन हो या नहीं, चर्चा चौपालों पर गरम है। राहुल की जुबान से निकली बात है, ऐसे में सख्ती भी हो सकती है।