फरीदाबाद.सेक्टर-21डी में एक इराकी ने बुधवार रात अपने हाथ की नसें काट लीं और कपड़े की रस्सी से गला घोंटकर सुसाइड कर लिया। इराकी यहां क्यूआरजी सेंट्रल अस्पताल में गुप्त रोग का इलाज कराने आया था।
मौके से पुलिस को सुसाइड नोट भी मिला है। उसमें उसने लिखा है कि मेरी जेब में रखे रुपए मेरे घरवालों तक पहुंचा दिए जाएं। गुरुवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा उसके एक परिचित को सौंप दिया। सुसाइड करने के स्पष्ट कारण का पता नहीं लगा है। संभावना है कि इराकी ने बीमारी से परेशान होकर यह कदम उठाया है।
इराक निवासी साकी बरवान सलमान यहां क्यूआरजी सेंट्रल अस्पताल में गुप्त रोग का इलाज कराने के लिए छह फरवरी को आया था। वह यहां सेक्टर-21डी निवासी एक एजेंट रुश्दी जासिन के घर रुका था। रुश्दी इराकियों को यहां लाने व ले जाने का काम करता है। उसका पासपोर्ट नंबर-ए5498333 और वीजा नंबर-एपी3625709 था।
उसको बुधवार रात 11 बजे की फ्लाइट से वापस जाना था। रात नौ बजे जब रुश्दी ने सलमान का दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कोई जवाब नहीं आया। इसके बाद जोर से दरवाजा बजाने पर अंदर की चटकनी टूट गई और दरवाजा खुल गया।
अंदर देखा तो सलमान बेड के पास फर्श पर खून से लथपथ पड़ा था। उसके गले में कपड़े की एक रस्सी का फंदा था। उसके सीधे हाथ की नसें कटी हुई थीं। रुश्दी ने अपनी पत्नी रचना को बुलाया। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
चौकी इंचार्ज सोहनपाल ने बताया कि इराकी का दरवाजा अंदर से बंद था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घुटने से मौत होना सामने आया है। इराकी ने अपने हाथ की नसें भी काटी थीं।