करनाल में जुर्माने के विरोध में छात्राओं ने की नारेबाजी
Source: bhaskar news | Last Updated 04:06(09/02/12)
करनाल. नोटिस बोर्ड पर जुर्माना लिस्ट में जुर्माने की मोटी राशि देखकर गवर्नमेंट महिला कालेज की छात्राएं गुस्से में आ गई। छात्राओं ने कक्षा का बहिष्कार कर जुर्माने के विरोध में नारेबाजी की। छात्राओं ने जुर्माना राशि कम करने की जोरदार मांग की। कालेज प्रिंसिपल ने छात्राओं की मांग को उच्चतर शिक्षा विभाग के नोटिस में देने का आश्वासन देकर छात्राओं को शांत किया।
उच्चतर शिक्षा विभाग की हिदायतों के अनुसार इस वर्ष से कालेज प्रशासन ने विद्यार्थी की अनुपस्थिति पर एक रुपए प्रति पीरियड की बजाए पांच रुपए प्रति पीरियड जुर्माना लगाया है। जाहिर सी बात है कि एकदम से जुर्माना राशि में पांच गुणा बढ़ोतरी होगी तो उसकी कुल राशि मोटी बनेगी। इस कारण से कई छात्राओं का जुर्माना छह सौ से सात सौ रुपए तक भी पहुंच गया है। लेकिन बुधवार को नोटिस बोर्ड पर लगी लिस्ट में जुर्माने की इतनी मोटी राशि देखकर छात्राएं गुस्से से भर गई। उन्होंने कक्षा का बहिष्कार कर कालेज के गेट पर नारेबाजी शुरू कर दी।
कालेज प्रशासन द्वारा पहले से पांच रुपए प्रति पीरियड के हिसाब से जुर्माना वसूले जाने का नोटिस लगाने की बात की जा रही थी, लेकिन उस समय शायद छात्राओं ने इस पर गौर नहीं किया होगा। लेकिन अब छात्राओं ने जुर्माना राशि में बढ़ोतरी का विरोध कर दिया है। इस के चलते छात्राओं ने नारेबाजी की और जुर्माना राशि कम करने की मांग की। प्रिंसिपल ने छात्राओं से बात की और छात्राओं को आश्वासन दिया कि जुर्माना राशि के जोड़ को चेक करा दिया जाएगा तथा उनकी मांग से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। इस बात पर छात्राओं ने नारेबाजी बंद कर कक्षाएं अटेंड की।