राज्यदिल्ली
मध्य प्रदेश
राजस्थान
छत्तीसगढ़
हिमाचल
पंजाब
हरियाणा
चंडीगढ़
उत्तर प्रदेश
बिहार
झारखंड
महाराष्ट्र
गुजरात
जम्मू-कश्मीर
मारुति में औद्योगिक बटालियन तैनात
dainik bhaskar news
| Aug 05, 2012, 02:26AM IST

आईआरबी के आईजी बीके सिन्हा के अनुसार, डीजीपी रंजीव दलाल द्वारा विशेष औद्योगिक बटालियन की घोषणा के 24 घंटे के भीतर ही पूरी बटालियन मानेसर भेज दी गई है। फिलहाल इस बटालियन में 500 सिपाही हैं, जो कमांडेंट योगेन्द्र नेहरा के नेतृत्व में काम करेंगे।
इस बटालियन में दो डीएसपी और दो इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारी भी शामिल किए गए हैं। सिन्हा के अनुसार, पुलिस कमिश्नर बटालियन की तैनाती की रूप रेखा तैयार करेंगे। बटालियन का ऑपरेशन वर्क भी उन्हीं के जिम्मे होगा। आईआरबी बटालियन के एडमिनिस्ट्रिेशन का काम देखेगी, जिसमें उनके खाने, कपड़े और अन्य कार्य संभालने की जिम्मेदारी होगी।
..बिना हथियार के ही बटालियन तैनात : फिलहाल औद्योगिक बटालियन के जवानों को बिना हथियार ही काम करना होगा। उनके पास हथियार के नाम पर सिर्फ एक लाठी होगी, लेकिन बंदूक और अन्य हथियार उनके पास नहीं होंगे। आईआरबी आईजी के मुताबिक, सिपाही को अन्य हथियार उपलब्ध कराने के संबंध में फैसला जल्द ही सरकार या डीजीपी लेंगे।
सुरक्षा के लिए सतर्क रहेगी पुलिस : फिलहाल स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पूरे उद्योग के लिए बनी बटालियन केवल मारुति में ही तैनात होगी। सूत्रों का कहना है कि पुलिस अधिकारियों ने तीन तरह की सुरक्षा मारुति को देने की पेशकश की है, लेकिन अभी तक कंपनी ने यह साफ नहीं किया है कि उसे किस तरह की सुरक्षा चाहिए। मारुति कंपनी के एक अधिकारी के मुताबिक, इस संबंध में मारुति के उच्चधिकारियों और पुलिस अधिकारियों में लगातार बातचीत चल रही है।
एक और कर्मचारी गिरफ्तार
18 जुलाई को मानेसर के मारुति-सुजूकी प्लांट में आगजनी और मारपीट के आरोप में शनिवार को एक और कर्मचारी नवीन को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे झज्जर से गिरफ्तार किया है। नवीन को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। जानकारी के मुताबिक मारुति कंपनी का यह कर्मचारी झज्जर का रहने वाला है। पुलिस को पूछताछ में कोई खास जानकारी नहीं मिली। नवीन को तुरंत अदालत में पेश कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने इसका रिमांड लेने की कोशिश भी नहीं की। इस गिरफ्तारी के साथ ही अब तक मारुति प्रकरण में गिरफ्तार हुए कर्मचारियों की संख्या 117 हो गई है। इनमें से यूनियन के 10 नेता रिमांड पर चल रहे हैं।
संयोजन समिति का गठन
जिले के संयुक्त ट्रेड यूनियनों ने मारुति सुजूकी के मानेसर प्लांट और ईस्टर्न मेडीकेट में लॉक आउट मामले को सुलझाने के लिए 15 सदस्यों की एक संयोजन कमेटी का गठन किया है। कमेटी 7 अगस्त को प्रदेश के सीएम को एक ज्ञापन सौंपेगी, जिसमें दोनों प्लांट को चालू कराने, मारुति मामले में श्रमिकों को रिहा करने, श्रमिकों की गिरफ्तारी बंद करने और मामले की सीबीआई से जांच कराने की मांग की जाएगी।
कमेटी श्रमिकों के आंदोलन का संचालन करेगी। शनिवार को सेक्टर-4 स्थित अंबेडकर भवन में सभी ट्रेड यूनियनों की संयुक्त बैठक में यह फैसला लिया गया। बैठक में मारुति सुजूकी के गुड़गांव प्लांट, पावर ट्रेन और सुजूकी मोटरसाइकिल, हीरो मोटो कॉर्प के गुड़गांव और केंद्रीय श्रमिक संघ के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।








