मारुति हिंसाः नक्सल एंगल की हो सकती हैं जांच, प्लांट अनिश्चितकालीन बंद

मानेसर. यहां मारुति प्लांट में बुधवार को हुई हिंसा में केंद्रीय गृह मंत्रालय नक्सली तत्वों की मौजूदगी की भी तहकीकात करने का हिमायती है। हालांकि इसमें नक्सलियों के शामिल होने का संदेह अभी तक जाहिर नहीं किया जा रहा लेकिन गृह मंत्रालय के अधिकारियों का कहना है कि वारदात को देखकर लगता है कि यह सिर्फ कर्मचारी और प्रबंधन का झगड़ा भर नहीं है। प्रबंधन और कर्मचारियों के बीच तकरार में जान लेने की प्रवृत्ति इस क्षेत्र में नहीं रही है। इसमें किसी ने परोक्ष भूमिका निभाई है। वह व्यक्ति या गुट उग्र विचारधारा वाले नक्सली संगठन से जुड़े हो सकते हैं। ऐसे में इस एंगल की जांच जरूरी है।
एक अधिकारी ने कहा, इससे पहले होंडा की फैक्ट्री में जब आंदोलन हुआ था तो उस समय सामने आया था कि वहां एक खास वर्ग था जो कर्मचारियों को भड़का रहा था। इनमें से एक की पहचान बाद में नक्सली विचारधारा वाले व्यक्ति के रूप में हुई थी। यही नहीं, पूर्व में पश्चिम बंगाल में एक खास गुट की ओर से इस तरह की घटना को अंजाम देने की चेष्टाएं सामने आई हैं। यह गुट उग्रवादी विचारधारा से जुड़े हुए थे।







